ग्वालियर- ग्वालियरशहर के मुहाने पर दिनदहाड़े चार हथियारबंद बदमाश करीब 15 लाख रुपए की डीजी ट्रैक मशीन(जमीन के अंदर खुदाई करने वाली एचडीडी मशीन में लगने वाली मशीन) लूट ले गए। बदमाश दो बाइक पर सवार होकर आए थे और जिस समय मशीन ऑपरेटर मजदूरों के साथ काम कर रहा था, उसी समय हथियाराें के बल पर मशीन लूट ले गए। घटना दोपहर 1.30 बजे एयरपोर्ट रोड पर हुई, लेकिन पुलिस ने रात 11.30 बजे एफआईआर दर्ज की।
बदमाशों के चेहरे भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए रात तक सुपरवाइजर और ऑपरेटर को बैठा रखा था।आशंका है बदमाश मुरैना के हाे सकते हैं, क्याेंकि वारदात कर बदमाश शनिश्चरा की तरफ ही भागे।
ग्वालियर एयरपोर्ट को ओएफसी केबल से जोड़ने का काम चल रहा है। यह काम रिलाइंस जियो कंपनी द्वारा किया जा रहा है और इसका ठेका ग्वालियर के रहने वाले विजय शुक्ला को दिया गया है। विजय शुक्ला के यहां उपनगर ग्वालियर स्थित घासमंडी का रहने वाला हर्ष चौहान और साहिल जैन काम करते हैं। दोनों एचडीडी मशीन में लगने वाले डीजी ट्रैक को ऑपरेट करते हैं। शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे यह दोनों एयरपोर्ट रोड पर ही काम कर रहे थे। हर्ष मशीन ऑपरेट कर रहा था, इसी दौरान दो पल्सर बाइक पर सवार होकर हथियारों से लैस बदमाश आए। बदमाश संख्या में चार थे और मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे। इन लोगों ने पास में जाते ही कट्टा तान दिया। कट्टा तानकर डीजी ट्रैक मशीन लूटी और शनिश्चरा की तरफ भाग निकले। इन लोगों ने विरोध करने की कोशिश की तो मारपीट भी की। लूट होने के बाद तत्काल कर्मचारियों ने पुलिस और ठेकेदार को सूचना दी। पुलिस सभी को लेकर थाने पहुंच गई। तिराहे पर एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे, जिसमें बदमाशों का चेहरा भी नजर आ गया। पुलिस नाकाबंदी करने की जगह इन्हीं लाेगाें से रात तक पूछताछ करती रही।
क्या होती है डीजी ट्रैक मशीन: जमीन के अंदर लाइन बिछाने के लिए खुदाई करने वाली एचडीडी मशीन होती है। इसका एक हिस्सा होता है डीजी ट्रैक, जो लाइन में फॉल्ट और लाइन बिछाने का काम करती है। मशीन की कीमत 10 लाख से 17 लाख रुपए है। यह मशीन सिर्फ दो से तीन किलो की होती है।
2 फरवरी को मुरैना में लुटी थी मशीन:यही मशीन 2 फरवरी 2018 को मुरैना के माताबसैया क्षेत्र में लुटी थी। इसमें पुलिस ने दो बदमाश पकड़ लिए थे।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal