ग्वालियर-
गैस कनेक्शन लेने पर गैस एजेंसियां आपकी सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही हैं। एजेंसियों को हितग्राही की सुरक्षा से अधिक फोक्स अपने सामान की सेल पर है। कनेक्शन देते वक्त एजेंसी हितग्राही को नहीं बताती कि उसकी सुरक्षा को लेकर भारी भरकम रिस्क कवर भी दिया जा रहा है। एजेंसी का फोक्स केवल हितग्राही द्वारा किए जाने वाले भुगतान पर होता है। वहीं एजेंसी द्वारा कनेक्शन देते वक्त स्टोलेशन भी नहीं करवाया जाता और न ही हर दो साल में होने वाली सर्विस दी जाती है। साथ ही ग्राहक को एजेंसी द्वारा यह भी नहीं बताया जाता है कि सिलेंडर या रेग्युलेटर में कमी आने पर उसे मुफ्त में बदला जाएगा। खास बात यह है कि जिम्मेदार विभाग भी इस पर कोई ध्यान नहीं देता है।
रेग्यूलेटर खराब होने पर एजेंसी बदलती है मुफ्त
गैस कनेक्शन लेने पर एजेंसी आपको सिलेंडर, रेग्यूलेटर व लेजम देने के साथ किताब बनाकर देती है। सिलेंडर व रेग्यूलेटर की गारंटी आजीवन होती है। कई बार रेग्यूलेटर खराब या फिर लीकेज करने लगता है। ऐसी स्थिति में पहचान पत्र देकर उसे एजेंसी पर ही मुफ्त में बदलें और एजेंसी से मिलने वाली कंपनी की लेजम का ही उपयोग करें।
कनेक्शन लेने पर मिलता है रिस्क कवर
हितग्राही को कनेक्शन लेने पर गैस कंपनी द्वारा भारी भरकम रिस्क कवर मिलता है। यदि गैस उपयोग के समय कोई भी हादसा होता है तो 30 लाख रुपए तक का इलाज या फिर 2 लाख रुपए प्रति व्यक्ति उपचार करवाया जाता है। साथ ही 25 हजार रुपए की तुरंत राहत दी जाती है। पंजीकृत परिसर में घटना होने पर संपत्ति की क्षति के लिए 2 लाख रुपए तक दिया जाता है। इसके साथ ही एजेंसी संचालक द्वारा हितग्राही का 10 लाख रुपए का बीमा किया जाता है।
यह गलतियां, बीमा कंपनी का करती हैं बचाव
बिना कनेक्शन के गैस सिलेंडर का उपयोग करना। बाजार से सिलेंडर खरीदकर उसका उपयोग करना। बाजार से खरीदा गया रेग्यूलेटर का उपयोग करना। बाजार से खरीदी गई लेजम का इस्तेमाल करना। समय पर सर्विस न करवाना। दुर्घटना होने पर इन कारणों से बीमा कंपनी बीमा देने से इनकार कर देती है।
5 लीटर का डोमेस्टिक व कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध
गैस कंपनियां 5 लीटर में डोमेस्टिक व कॉमर्शियल सिलेंडर दे रही हैं। पहचान पत्र व बैंक खाता की कॉपी देकर अब कोई भी 850 रुपए में 5 लीटर का गैस सिलेंडर खरीद सकता है। साथ ही 286 रुपए में सिलेंडर में गैस भरी जाती है, जिस पर ग्राहक को 96 रुपए की सब्सिडी भी मिलती है। जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर बिना सब्सिडी के 1359 रुपए में मिल रहा है।
कंपनी द्वारा निर्धारित दर
14.2 लीटर के सिलेंडर का कनेक्शन लेने के लिए ग्राहक को 1450 रुपए एजेंसी पर जमा करना होंगे। इसके साथ 150 रुपए का रेग्युलेटर, 190 रुपए की डेढ़ मीटर लेजम, 59 रुपए की किताब का पैसा देना अनिवार्य है। यदि चूल्हा भी लेना चाहते हैं तो 1975 रुपए का भुगतान करना होगा। चूल्हा न लेने की स्थिति में आपके घर का सर्वे किया जाएगा जिसका शुल्क 177 रुपए लिया जाता है। कनेक्शन बंद करने पर आपको 1450 रुपए वापस मिल जाते हैं।
वर्जन-
जांच तो हम कराते ही रहते हैं आपको कोई परेशानी हो तो बताओ मैं वहां पर जांच करवा लूंगा। यदि कमी मिलेगी तो कार्रवाई करेंगे।
जेएन चौहान, फूड कन्ट्रोलर
ग्राहक नासमझी में कुछ गलतियां करते हैं, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ता है। गैस कनेक्शन लेने पर उन्हें बीमा मिलता है। एजेंसी से मिलने वाले उपकरणों का ही उपयोग करें। यदि बाजार से खरीदे गए उपकरण का उपयोग करते हैं तो बीमा कंपनी हाथ खड़े कर देती है।
श्याम नंदन शुक्ला, राधिका गैस एजेंसी
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal