ग्वालियर-आयकर विभाग ने इनकम टैक्स रिटर्न में गलत जानकारी भरकर कर चोरी करने वालों को विभाग ने चिह्नित कर सूचीबद्ध कर लिया है। ऐसे लोगों को पहले नोटिस दिए जाएंगे और जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर उनके खिलाफ सर्वे-सर्च की शुरुआत होगी। यह जानकारीआयकर भवन सिटीसेंटर में आयकर विभाग मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त अजय कुमार चौहान ने संवाददाताओंं से चर्चा के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि मप्र-छग में वित्त वर्ष 2018-19 के लिए आयकर का टारगेट 25 हजार 540 करोड़ है। लेकिन अभी तक 16 हजार 70 करोड़ रुपए टैक्स मिला है। करीब 6 लाख 80 हजार नए आयकरदाता मध्यप्रदेश में जोड़े हैं । टारगेट पूरा करने टीमों को लिखित में आदेश दे दिए गए हैं। ये टीमें अब कार्रवाई के लिए फील्ड में उतरेंगी।
आईटी रिटर्न भरवा सकेंगे 250 रुपए में : चार्टर्ड एकाउंटेंट-एडवोकेट द्वारा भरवाए गए रिटर्न से करदाता संतुष्ट नहीं है तो इसके लिए आयकर विभाग ने जिला स्तर पर टैक्स रिटर्न प्रिपेयर्स का पैनल बनाया है। पैनल में शामिल विशेषज्ञ 250 रुपए में रिटर्न भरवाएंगे। इन्हें सब्सिडाइज्ड करने का काम विभाग करेगा।
ग्वालियर कमिश्नरी में चौबीस दिन में 237 करोड़ जुटाना चुनौती : वित्त वर्ष 2018-19 के लिए ग्वालियर कमिश्नरेट में आयकर का टारगेट 377 करोड़ रुपए है। अभी तक 140 करोड़ रुपए आयकर मिला है। वित्त वर्ष 2017-18 में 267 करोड़ का टारगेट मिला था। आयकर विभाग ने पिछले साल इश्यू किए 154 करोड़ रुपए के रिफंड के मुकाबले इस साल 38.39 फीसदी अधिक यानि कि 213 करोड़ रुपए के रिफंड इश्यू किए हैं। इससे सकल में 19.44 की वृद्धि हुई है लेकिन शुद्ध -2.5 में चला गया है। वित्त वर्ष समाप्त होने में 24 दिन शेष हैं। इसलिए 234 करोड़ रुपए जुटाना अधिकारियों के लिए चुनौती होगा।
सर्वे में 6 करोड़ से अधिक की अन डिस्पोज इनकम मिली : आयकर विभाग द्वारा कमिश्नरेट में किए सर्वे में 6 करोड़ 21 लाख रुपए की अन डिस्पोज इनकम निकलकर आई है। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के बाद भी आयकर कलेक्शन के लिए जहां भी कार्रवाई जरूरी होगी वहां करेंगे। चुनाव में अनधिकृत लेन-देन पर पाबंदी लगाने के लिए मध्यप्रदेश में जिला स्तर पर 160 आयकर अधिकारियों को तैनात किया है। इन्वेस्टिगेशन विंग इसकी मानिटरिंग करेगी।
टार्गेट से 17 फीसदी से अधिक आयकरदाता जोड़े गए : पिछले वित्त वर्ष में करीब 6 लाख 80 हजार नए आयकरदाता पूरे मध्यप्रदेश में जोड़े गए थे। ग्वालियर कमिश्नरेट में नए आयकरदाता जोड़ने का टार्गेट 69 हजार 381 था। अब तक 17 फीसदी की बढ़त लेकर 81 हजार 358 करदाता जोड़े जा चुके हैं।
एडवांस टैक्स जमा नहीं किया तो देना पड़ेगा ब्याज: जिन आयकरदाताओं का वित्त वर्ष 2018-19 का एडवांस टैक्स बकाया है वे आय का ठीक-ठीक आंकलन करते हुए 15 मार्च तक जमा कर दें अन्यथा आयकर अधिनियम की धारा 234 बी और सी के तहत भारी-भरकम ब्याज चुकाना पड़ेगा। दिसंबर तक जिन लोगों के असेसमेंट हुए थे और उनकी डिमांड क्रिएट हुई है वे डिमांड का 20 फीसदी जमा करा दें। ऐसे करदाता जिन्होंने सेल्फ असेसमेंट टैक्स नहीं भरा है। उनकी सूची हमने जारी कर दी है। अभी तक ग्वालियर प्रभार में 9.26 करोड़ सेल्फ असेसमेंट टैक्स में से 2.75 करोड़ मिला है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal