ग्वालियर- मुरैना के जींगनी-खेड़ा के बीच एक महिला मनोरमा शर्मा की हत्या कर उसके जेवरात लूट लिए गए। महिला पति देवकीनंदन शर्मा (27) पुत्र रामजीलाल शर्मा के साथ बाइक से अपने मायके से ससुराल मुरैना आ रही थी। । लूट और महिला की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले में 10 घंटे तक चकरघिन्नी रही पुलिस को सुबह 10.35 बजे तब सुकून मिला जब आरोपी पति देवकीनंदन शर्मा ने यह कुबूल कर लिया कि पत्नी की हत्या उसने ही की है।
पहले पति दो बदमाशों पर लूट और हत्या का आरोप लगा रहा था। उस पर संदेह न हो, इसलिए उसने कट्टे से गोली मारकर खुद को भी जख्मी कर लिया था, लेकिन पुलिस की सख्ती से वह टूट गया। माता बसैया पुलिस ने खुलासे के बाद घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का कट्टा, सोने का मंगलसूत्र, झुमकी व जंजीर को जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, शहर की केशव कालोनी में रहने वाला देवकीनंदन शर्मा (27) पुत्र रामजीलाल शर्मा बुधवार को अपनी पत्नी मनोरमा शर्मा को उसके मायके अजनौधा मेहगांव से विदा कराकर बाइक से मुरैना ला रहा था। गोरमी से मुरैना आने के दौरान जींगनी-खेड़ा के बीच रात 9 बजे आरोपी पति देवकी अपनी बाइक हाईवे से कुछ अंदर ले गया और पत्नी से कहासुनी की। इसी दौरान देवकीनंदन ने गुस्से में आकर मनोरमा को कट्टे से गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति ने उसके शरीर से सोने की जंजीर, मंगलसूत्र, कानों की झुमकी लूट लीं। इसके बाद आरोपी पति ने उसी कट्टे से अपने पेट के बाएं तरफ इस प्रकार गोली मारी कि गनशॉट से सिर्फ उसकी चमड़ी ही जल पाई। यहां से वह जींगनी पहुंचा और डायल 100 को लूट की कहानी सुनाते हुए दो बदमाशों द्वारा पत्नी को गोली मारने की बात कही। पति देवकी ने अपनी बाइक को घटनास्थल पर छोड़ दिया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त 315 बोर के कट्टे को भी उसने खेत में फेंक दिया। पत्नी मनोरमा के शरीर से लूटे गए सोने के जेवरात को आरोपी पति ने कागज के एक टुकड़े में बंद कर पेड़ के नीचे छिपा दिया।
10 फरवरी से मायके में थी मनोरमा: मनोरमा शर्मा 10 फरवरी को मायके में अपने चाचा की बेटी की गोदभराई के कार्यक्रम शामिल होने अजनौधा गई थी, तब से अब तक वह मायके में ही थी। देवकी बुधवार की शाम 4.30 बजे अपनी ससुराल अजनौधा पहुंचा और शाम पांच बजे मनोरमा को साथ लेकर बाइक से मुरैना आने के लिए निकल आया था। रास्ते में गोरमी में देवकी-मनोरमा अपने फूफा का स्वास्थ्य देखने के लिए उनके घर भी पहुंचे। वहां कुछ देर तक रुकने के बाद फिर मुरैना के लिए रवाना हो गए।
पति के बड़े भाई ने पत्नी के मायके में दी हत्या की सूचना: रात 8.45 बजे अजनौधा से आए मोबाइल कॉल पर मनोरमा ने परिजन को बताया कि 15 मिनट बाद मुरैना पहुंचने वाले हैं। घर पहुंचकर ही बात करेंगे। इसके बाद मनोरमा व देवकी का मोबाइल स्विच आफ आने लगा। रात 11 बजे देवकी के बड़े भाई बंटी ने छिंदवाड़ा से फोन पर मनोरमा के परिजन को सूचित किया कि बदमाशों ने लूट के बाद उनकी बेटी को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal