चंबल से रेत निकालने पर रोक, फिर भी कांग्रेस के विधायक ऐदल सिंह कंसाना कह रहे हैं-ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से निकालो रेत
सुप्रीमकोर्ट और हाईकोर्ट की रोक के बाद भी मुरैना के पास चंबल से रेत का अवैध उत्खनन बंद नहीं हो रहा है। अवैध उत्खनन करने वालों को सुमावली से कांग्रेस के विधायक ऐदल सिंह कंषाना का संरक्षण मिलने का हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे खुद रेत कारोबारियों के बीच बैठकर मोबाइल पर चर्चा करते हुए कह रहे हैं कि तुम लोग शहर में ट्रकों से रेत मत डालना, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से डालना। एेसा बताया जा रहा है कि यहीं से किसी व्यक्ति ने सुमावली विधायक ऐदल सिंह कंषाना का वीडियो वायरल कर दिया।
चंबल नदी से नहीं, खेतों में एकत्रित रेत ला रहे ग्रामीण: मुरैना विधानसभा में चंबल रेत का अवैध उत्खनन नहीं हो रहा है। गांव के लोग पेट पालने के लिए खेतों में एकत्रित रेत ला रहे हैं। मुझे क्षेत्र की जनता ने विधायक चुना है। लोग मेरे यहां समस्याएं लेकर आते हैं। इसलिए ऐसी पंचायतें होती रहतीं हैं। जो लोग वीडियो वायरल कर मुझ पर उंगली उठा रहे हैं मैं उनसे दबने वाला नहीं हूं। रेत का अवैध उत्खनन को नियंत्रित करने मेरी सीएम से चर्चा हुई है। हम जल्द ही पंचायतों के माध्यम से जनहित में चंबल, क्वारी, आसन नदी पर रेत खदानों को चालू कराएंगे।
एेदल सिंह, विधायक सुमावली :
15 साल पहले सुप्रीमकाेर्ट ने लगाई थी रोक: चंबल नदी में घडियाल प्रजाति पाले जाने के कारण नेशनल वाइल्ड लाइफ बोर्ड की पहल पर सुप्रीम कोर्ट ने चंबल अभ्यारण्य क्षेत्र के 435 किमी लंबाई में रेत का उत्खनन किए जाने पर प्रतिबंध लगा रखा है। इसके चलते माइनिंग कारपोरेशन ने 15 साल पहले चंबल की रेत खदान के ठेका को भी समाप्त कर दिया था। इससे माइनिंग कारपाेरेशन को 12 करोड रुपए के सालाना राजस्व की हानि भी हुई।
हाईकोर्ट ने भी लगाया प्रतिबंध : सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी जब चंबल अभ्यारण्य से रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन जारी रहा तो ग्वालियर के एक अभिभाषक ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर रेत के कारोबार पर कड़ी रोक का मुद्दा उठाया। हाईकोर्ट ने चंबल से रेत के खनन व परिवहन पर प्रतिबंध लगाया। इसके पालन में सरकार ने संभाग व जिला स्तर पर टास्क फोर्स गठित किए। जिला स्तरीय टास्क फोर्स में प्रशासन, पुलिस, वनमंडल व खनिज विभाग के आला अधिकारी शामिल होने के बाद भी मुरैना में चंबल के रेत के खनन व परिवहन पर रोक नहीं लग सकी है। आज भी सात थाना क्षेत्रों की पुलिस के सामने से चंबल रेत से भरे डंपर, ट्रक व ट्रैक्टर-ट्राली पास हो रहे हैं।
जानिए वीडियो में क्या कह रहे हैं विधायक कंषाना : वायरल वीडियो में जमीन पर बैठे सुमावली विधायक ऐदल सिंह कंषाना मोबाइल पर किसी से कह रहे हैं कि मेए झें मोड़े बैठे हैं अपने पूरे वाईसी के। अपनी सुमिति है गई है कि शहर में ट्रक से रेता मत डारो, ट्रैक्टर ते डारो। बंकू तेऊ मैने कह दई है, तोतेऊ मैने कह दई है। मोबाइल फाेन काटने के बाद सुमावली विधायक कह रहे हैं कि केपी पांच मिनट में यहां आ रहा है। तुम लोग जब तक लड्डू खाओ। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने देवपुरी वाले बाबा व जोधा बाबा के जयकारे भी लगाए।
100 करोड़ सालाना काराेबार : चंबल के रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन से 100 करोड़ रु. सालाना का कारोबार संचालित है। तकरीबन 5000 से अधिक लोग इस कारोबार से जुड़े हैं। चंबल के आधा दर्जन से अधिक घाटों पर हाइड्रा, पोकलेन मशीन समेत जेसीबी का उपयोग कर रेत का खनन व परिवहन किया जा रहा है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal