Warning: Trying to access array offset on value of type bool in /home/sites/43a/e/ed29062570/public_html/wp-content/themes/jarida/functions/common-scripts.php on line 150

18 माह बाद सिंधिया ने पहनी फूलों की माला,ग्वालियर मेले के उद्घाटन में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया ये बड़ा दावा

,
ग्वालियर- ग्वालियर व्यापार मेले का प्रारूप ऐसा बनाएं जिससे इसकी देश भर में एक अलग ही पहचान कायम हो। इस मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए खास प्रयास किए जाएंगे। ग्वालियर में विकास के लिए हम सबको एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए। राजनीति में कूटनीति आ गई है, पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शहर विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता में रहना चाहिए। प्रदेश सरकार की ओर से भी ग्वालियर के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष ग्वालियर व्यापार मेले में वाहनों के रोड़ टैक्स पर 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की गई है। इससे ग्वालियर मेले में आकर्षण बढ़ेगा। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर व्यापार मेला के शुभारंभ अवसर पर कही, वे यहां मेला स्थित फेसिलिटेशन सेंटर में मुख्य अतिथि की आसंदी से बोल रहे थे।
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मैं कभी भी खाली हाथ नहीं आता, मेरी कोशिश रहती है कि कुछ न कुछ लेकर आऊं। इसके चलते रोड टैक्स में छूट के लिए खुद ही सीएम कमलनाथ कोचिठ्ठी लिखी। इस मेले का टर्नओवर 500 करोड़ से घटकर 100 करोड़ रह गया है। अब ये टर्नओवर 5 साल में 10 गुना करके दिखाना है। इसके लिए मैं कंधे से कंधा मिलाकर काम करने को तैयार हूं। सिंधिया ने कहा कि अगले वर्ष मेले को भव्य रूप से आयोजित करने के लिये अभी से सभी को मिलकर एक रणनीति तैयार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 113 वर्ष पुराने इस मेले को आर्थिकरूप से भी सक्षम करने की दिशा में प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्वालियर किसी पार्टी का नहीं बल्कि ग्वालियरवासियों का है और ग्वालियर के विकास में सभी का योगदान आवश्यक है।
कार्यक्रम में प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि सिंधिया परिवार ने ग्वालियर मेले की स्थापना 1905 में पशु मेले के रूप में की थी। ग्वालियर में व्यापार मेले के रूप में स्थापित इस मेले की पहचान प्रदेश में ही नहीं, देश भर में है। इस मेले को और ऊंचाई तक पहुंचाने के लिये विशेष प्रयास किए जाना चाहिए। खाद्य मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर में ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में चंबल नदी का पानी लाने के लिये भी कार्य किया जायेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक मुन्नालाल गोयल ने कहा कि ग्वालियर व्यापार मेले में सिंधिया के प्रयास से 50 प्रतिशत टैक्स में छूट प्रदान की गई है।
ये भी बोले सिंधिया
व्यापार मेला एक गाड़ी की तरह है। मैंने पेट्रोल-डीजल डालकर देकर इसे शुरू कर दिया है। अब इसे आगे ले जाने की जिम्मेदारी आप सभी की है।
मेले में किराए पर दिए जा रहे मैरिज गार्डन के बारे में कहा कि भले ही साल भर मेले में मैरिज गार्डन चलते रहें पर दो महीने मेले की जमीन पर सिर्फ मेला ही दिखना चाहिए।
इस मेले का प्रारूप ऐसा बनना चाहिए कि देश में दिल्ली के बाद ग्वालियर का मेला ही प्राथमिकता से लोग याद करें।
यदि आर्थिक विकास की प्रगति चाहते हैं तो सरकार को व्यापारी के आगे खड़ा होना होगा तभी विकास होगा। पहले व्यापारी सरकार के आगे खड़ा रहता था।
और टूट गया फेसिलिटेशन सेंटर का गेट
ग्वालियर व्यापार मेले का शुभारंभ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे। कार्यक्रम के बीच-बीच में सिंधिया के समर्थक नारे भी लगा रहे थे। वहीं कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सिंधिया के मंच से उतरते समय मीडियाकर्मियों ने उनसे बात करनी चाही तो अफरा-तफरी मच गयी। इस दौरान मेले के फेसिलिटेशन सेंटर का एक ओर का गेट भी टूट गया।
बदला-बदला नजर आया मंच
ग्वालियर व्यापार मेले के उद्घाटन समारोह में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर नहीं आए, उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था। विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित ग्वालियर ग्रामीण के भाजपा विधायक भारत सिंह कुशवाह और प्रदेश सरकार के पशुपालन मंत्री लाखन सिंह यादव भी नहीं आए। प्रदेश में सरकार बदलने पर मेले का उद्घाटन समारोह पूरी तरह बदला-बदला नजर आया। भाजपा के शासन में मंच पर बीस से तीस कुर्सियां भरी रहती थीं, इस बार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ मंच पर आधा दर्जन लोग ही बैठे थे।
मंच पर यह नेता भी रहे
समारोह में आमंत्रित अतिथियों के अलावा मंच पर कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष मोहन सिंह राठौर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, संत कृपाल सिंह और मेला प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र गंगवाल बैठे थे। महापौर विवेक शेजवलकर कार्यक्रम में पहुंचे, उनसे सिंधिया की विकास को लेकर चर्चा भी हुई।
युवक घायल
प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनवाने के बाद पहली बार आए सिंधिया का स्वागत करने बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता स्टेशन पहुंचे थे। सिंधिया का स्वागत करने पहुंचा वैष्णोपुरम का सुभेन्द्र यादव स्वागत में आए एक वाहन से टकराकर घायल हो गया। स्वागत करने पहुंचे कुछ नेता व कार्यकर्ता उसका इलाज कराने के लिए वाहन में बैठाकर ले गए और पड़ाव स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इसकी सूचना मिलने पर प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर वहां पहुंचे और उसका हाल-चाल जाना इसके बाद तोमर ने आर्थोपेडिक डॉक्टर समीर गुप्ता को बुलाकर घायल को देखने की बात कही।
सांस्कृतिक कैलेंडर एवं मेला गाइड का विमोचन
श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा इस वर्ष मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिये तैयार किए गए कैलेण्डर का विमोचन भी ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा किया गया। इस मौके पर प्राधिकरण द्वारा तैयार की गई मेला गाइड का भी अतिथियों ने विमोचन किया।
ये रहे मौजूद: मेले के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी, महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, कार्यक्रम के अध्यक्ष विधायक मुन्नालाल गोयल, विधायक प्रवीण पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मनीषा सिंह यादव विशेष अतिथि थे। कार्यक्रम में संत कृपाल सिंह, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं संभागीय आयुक्त बीएम शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, प्रभारी कलक्टर दिनेश श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, सीईओ जिला पंचायत शिवम वर्मा, मेला प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र गंगवाल मंचासीन थे।
18 माह बाद सिंधिया ने पहनी फूलों की माला
18 माह पहले सिंधिया ने मंदसौर में किसानों पर हुए गोलीकांड के विरोध में उनको न्याय न दिलाने तक फूलों की माला न पहनने का संकल्प लिया था। ग्वालियर आए सिंधिया को स्टेशन पर स्वागत के दौरान फूलों की मालाओं से लाद दिया गया।
loading...

Warning: Undefined array key "tie_hide_share" in /home/sites/43a/e/ed29062570/public_html/wp-content/themes/jarida/single.php on line 65

Warning: Trying to access array offset on value of type null in /home/sites/43a/e/ed29062570/public_html/wp-content/themes/jarida/single.php on line 65
x

Check Also

खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का संदेश

राष्ट्रीय खेल दिवस पर साइकिल रैली एवं अंडर-17 मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित बढ़ता कारवां (BK ...