ग्वालियर-डबरा शहर में होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए तीन साल पहले प्रमुख चौराहों और बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाने के प्रस्ताव को नगर पालिका परिषद ने मंजूरी दी थी, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी आज तक शहर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लग सके। अब इसके लिए निजी फर्म को ठेका भी दे दिया गया है, वर्क आर्डर हो चुका है, लेकिन सीसीटीवी कैमरे लगने के लिए इंतजार खत्म नहीं हो पा रहा है। पहले बीते साल के दिसंबर माह में कैमरे लग जाने का दावा किया गया था, लेकिन साल और महीना बीत गया, कैमरे नहीं लगे। अब नगर पालिका सीएमओ का दावा है कि जल्द ही शहर में सभी चि-ति जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि वर्ष 2015 में नगर पालिका की परिषद की बैठक में शहरवासियों की सुरक्षा के लिए विभिन्न जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव पारित किया था।, लेकिन तब बजट का अभाव होने के कारण प्रस्ताव को अमल में नहीं लाया जा सका और योजना ठंडे बस्ते में चली गई। वर्ष 2017 में सीसीटीवी कैमरे के लिए बजट उपलब्ध था, लेकिन कैमरे लगाने के लिए ठेकेदार से एग्रीमेंट नहीं हो सका। योजना फिर से ठंडे बस्ते में चली गई और तब से लेकर अब तक किसी भी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया और योजना पर काम शुरू नहीं हो सका। लेकिन बीते साल जैन कम्युनिकेशन को सीसीटीवी कैमरे लगाने का ठेका दे दिया गया। इसके लिए वर्क आर्डर भी चुका है। लेकिन काम शुरू नहीं हो सका है।
इन जगहों पर लगना है सीसीटीवी कैमरे
नगर पालिका द्वारा शहर के 12 स्थानों को चि-ति किया गया है और कुल 48 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। शहर में बस स्टैंड, चीनोर रोड, सिंधी बाजार, संत कंवरराम चौराहा, पिछोर तिराहा, सिंधिया चौराहा, कटारिया चौराहा, आंबेडकर चौराहा, सराफा बाजार आदि जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
थाने में बनेगा कंट्रोल रूम
शहर में अलग-अलग स्थानों पर लगने वाले सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम थाने में बनाया जाएगा, ताकि शहर में जाम लगे और कोई वारदात कहीं पर हो तो पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके।
इनका कहना है
शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जैन कम्युनिकेशन को ठेका दे दिया गया है और इसके वर्क लिए ऑर्डर हो गया है। जल्द ही शहर में कैमरे लगाने का काम शुरू किया जाएगा।
-पीके सिंह, सीएमओ, नगर पालिका, डबरा।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal