ग्वालियर-डबरा टेकनपुर स्थित सीमा सुरक्षा बल अकादमी में टेकनपुर के परेड ग्राउंड में सहायक उपनिरीक्षक (आशुलिपिक) एवं मुख्य आरक्षक (अनुसचिवीय) स्टाफ बीआरटी बैच संख्या 19 का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। जिसमें 6 महिला प्रशिक्षणार्थियों सहित कुल 123 प्रशिक्षार्णियों ने मुख्य अतिथि यूसी षडंगी एडीजी बीएसएफ को सलामी दी और देश के संविधान के प्रति एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने की शपथ ली। इस अवसर पर पीके जोशी महानिरीक्षक सहायक प्रशिक्षण केन्द्र, पीके दुबे महानिरीक्षक बीएसएफ टेकनपुर, राजेश कुमार मिश्रा कमांडर विशेष प्रशिक्षण विद्यालय, रामअवतार सामरिक विंग, डॉ. एसके श्रीवास्तव महानिरीक्षक चिकित्सा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
गौतलब है कि ट्रेनिंग प्रोग्राम में प्रशिक्षणार्थियों को सहायक प्रशिक्षण केन्द्र में 24 सप्ताह का बुनियादी तथा 8 सप्ताह का ऑफिस प्रोसिजर कोर्स का प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें पीटी, ड्रिल, वेपॉन, टेक्टिस, मैप रीडिंग, बीएसएफ लॉ, प्रोविजनिंग, बीएसएफ ऑर्गेनाइजेशन तथा ऑफिस वर्क की ट्रेनिंग दी गई।
मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आपका स्मार्ट टर्नआउट एवं ड्रिल सहायक प्रशिक्षण केन्द्र टेकनपुर में प्राप्त किए गए उच्च दर्जे के व्यावसायिक प्रशिक्षण और आत्मविश्वास को दर्शाता है। आपने जिस लगन और निष्ठा से प्रशिक्षण प्राप्त किया है उसकी बदौलत आप बीएसएफ का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के माता-पिता को बधाई दी और कहा कि उनकी प्रेरणा और त्याग की बदौलत ही वे इस मुकाम पर पहुंचे हैं।
ट्रेनिंग प्रोग्राम के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिसमें विनित कुमार 100वीं वाहिनी ऑलराउंड में प्रथम व 81वीं वाहिनी के जितेन्द्र कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। इनके अलावा 47वीं वाहिनी के सतेन सिंह शारीरिक दक्षता में प्रथम, 103वीं वाहिनी के गजेन्द्र सिंह रावत फायरिंग में प्रथम तथा 117वीं वाहिनी के संदीप कुमार ने ड्रिल में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि द्वारा इन सभी लोगों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal