ग्वालियर-
डबरा-छीमक क्षेत्र की ग्राम पंचायत समाया के समाया गांव और हरिजन बस्ती के बीच नदी बहती है। इसे पार करने के लिए कोई पुल या पुलिया नहीं है। ग्रामीणों ने बिजली के दो पतले खंभे रखकर अस्थायी पुल बना लिया है। लेकिन इस पर चलकर नदी पार करना रस्सी पर चलने का करतब दिखाने वाले ‘नट’ से कम मुश्किल नहीं है। रोजाना ग्रामीण नदी में गिरने और पानी में समा जाने के डर के बावजूद ‘नटयोगी’ की तरह नदी पार कर रहे हैं। महिलाओं को भी इसी दुश्कर रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है।
ग्राम पंचायत समाया के ही अंतर्गत आने वाली हरिजन बस्ती और समाया के बीच की दूरी केवल 300 मीटर है। लेकिन इन दोनों आपस में ज्यादा दूर कर रही है इनके बीच से निकली क्षेत्रीय लिढ़बा नदी। जहां लिढ़बा नदी पर पुलिया नहीं होने के चलते ग्रामीणों ने नदी को पार करने के लिए बिजली के दो खंभों को एक-दूसरे से सटाकर रख लिया है। इस अस्थायी पुल पर से ही निकलकर नदी पार कर रहे हैं। हरिजन बस्ती में ज्यादा सुविधाएं नहीं होने के कारण लोगों को हर छोटे-छोटे कार्य के लिए ग्राम पंचायत मुख्यालय समाया ही जाना पड़ता है। हरिजन बस्ती में एक भी आटा चक्की नहीं होने के चलते लोगों को आटा पिसाने के लिए भी समाया ही जाना पड़ता है। लोगों को बिजली के खंबों से नदी को पार करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। महिलाओं को काफी दिक्कत आती है, लेकिन मजबूरी में इसी रास्ते से गुजरती हैं।
स्कूली छात्रों को होती है परेशानी, गर्भवती महिला नदी में गिर चुकी है
हरिजन बस्ती में केवल प्राइमरी स्कल है। बस्ती के छात्र प्राइमरी शिक्षा के बाद समाया के मिडिल स्कूल में पढ़ाई करने के लिए जाते हैं। स्कूली छात्रों को नदी पर रखे बिजली के खंभों के सहारे नदी पार करने में काफी परेशानी आती है और नदी में गिरने का डर भी बना रहता है। हरिजन बस्ती निवासी प्रीतम और अशोक ने बताया कि ग्रामीण और छात्र कई बार खंबों से नदी पार करते समय नदी में गिर चुके हैं। विगत बरसात के समय हरिजन बस्ती की एक गर्भवती महिला भी खंभों से नदी पार करते समय उसमें गिर चुकी है।
दूसरे रास्ते से जाने में है तीन किलोमीटर का फेर, पुलिया वहां भी नहीं
हरिजन बस्ती से समाया आने के लिए छोटी अकबई से होकर एक रास्ता और भी है, लेकिन वहां से जाने में बस्ती और समाया के बीच तीन किलोमीटर की दूरी बढ़ जाती है। इसके साथ ही वहां भी लिढ़बा नदी को पार करना पड़ता है। इस रास्ते पर भी पुलिया नहीं होने के कारण केवल ट्रैक्टर ही निकल पाते हैं। चार पहिया वाहन और बाइकों को निकलने में यहां भी काफी परेशानी आती है।
ग्रामीण कई बार कर चुके पुलिया की मांग
ग्राम पंचायत समाया की सरपंच राजाबेटी कदमसिंह बघेल ने इस संबंध में बताया की ग्रामीण और उनकी ओर से लिढ़बा नदी पर पुलिया बनाने की मांग कई बार जनपद भितरवार और जिला पंचायत से की जा चुकी है। लेकिन अभी तक पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal