ग्वालियर-
ग्वालियर में पार्टी की करारी हार और जमकर हुए भितरघात पर वायरल हुए एक ऑडियो को लेकर ग्वालियर में राजनीतिक हलचल मच गई है। पूर्व मंत्री ध्यानेन्द्र सिंह (पूर्व मंत्री माया सिंह के पति) और भाजपा से जुड़े एक अधिवक्ता के बीच हुई बातचीत के इस ऑडियो में केन्द्रीय मंत्रीका भी कई बार नाम आया है।
दरअसल भाजपा महानगर इकाई में विशेष आमंत्रित सदस्य अधिवक्ता अवधेश सिंह भदौरिया ने बुधवार को पीएम नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह के नाम एक पत्र लिखा था। इस पत्र में उन्होंने केन्द्रीय मंत्री पर भितरघात का खुला आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्होंने अपने बेटों को राजनीति में स्थापित करवाने के लिए दिमनी(मुरैना) में कमजोर प्रत्याशी दिया। ग्वालियर-15 में दूसरे पुत्र को स्थापित करने जयभान सिंह पवैया के विरुद्घ षड़यत्र रचा। उनके स्वयं के समर्थकों, पार्षदों व नेताओं ने खुलकर कांग्रेसी प्रत्याशी के समर्थन में कार्य किया। अवधेश भदौरिया ने अपने पत्र में ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र पूर्व मंत्री माया सिंह, उनके पति पूर्व मंत्री ध्यानेन्द्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा व उनकी पूरी टीम पर भी भितरघात का आरोप लगाया था।
हमें तुमसे उम्मीद नहीं थी
अवधेष भदौरिया का यह पत्र मीडिया में छपने और वायरल होने के बाद गुरुवार को सुबह 8.30 बजे पूर्व मंत्री ध्यानेन्द्र सिंह ने श्री भदोरिया से बात की। ध्यानेन्द्र सिंह ने श्री भदौरिया से कहा कि तुमसे ऐसी उम्मीद नहीं थी। दो-टूक अंदाज में बोलने वाले ध्यानेन्द्र सिंह ने बातचीत में भी अपनी साफ गोई रखी। बोले हम तो साफ कह रहे हैं, जिसे टिकट नहीं मिले वो काय को काम करेगा। हम तो साफ कह रहे हैं। हम तो चुपचाप घर बैठे हैं। प्रचार के लिए नहीं निकलने पर उन्होंने कहा कि ‘हमसे प्रचार के लिए कहा किसने? स्व प्रेरणा से प्रचार के लिए न निकलने पर ध्यानेन्द्र सिंह ने उल्टा सवाल किया, बोले कि क्या हम इतना डैमेज कर देंगे कि 18 हजार से हार हो जाए? उन्होंने कहा कि तुम पहले व्यक्ति ऐसे हो,जिसने प्रचार की बात कही। अन्य किसी नेता की हिम्मत नहीं पड़ी।
टिकट कटने की पीड़ा सामने आई
वायरल ऑडियो में पूर्व मंत्री ध्यानेन्द्र सिंह ने स्पष्ट तौर पर पत्नी माया सिंह के टिकट कटने के तरीके पर ऐतराज जताया। बोले पार्टी हमसे पहले कह देती तो ऐसी दिक्कत नहीं आती। हमने पार्टी का निर्णय माना, कोई विद्रोह नहीं किया। उन्होंने कहा कि आप ये उम्मीद क्यों करते हो,जिसका टिकट कटे वो प्राण लगा दे। ऑडियो में पूर्व मंत्री ने कहा कि उनका टिकट नहीं कटा,उनको काम करना चाहिए। अलवत्ता में बाद में अपनी बात को संभालते हुए उन्होंने कहा कि नरेन्द्र सिंह तोमर ऐसा काम नहीं कर सकते।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal