
सिंगरौली एसपी षियाज के. एम. ने किया खुलासा
बढ़ता कारवां (BK NEWS) सिंगरौली (जमुना सोनी) बैढ़न सिंगरौली पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधीहत्या का मात्र 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी एवं एक सहयोगी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) के निर्देशन एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम के मार्गदर्शन में थाना चितरंगी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझाई।

वही विगत दिवस दिनांक 21 जून 2026 को ग्राम भर्रा स्थित नेशनल हाईवे-39 के किनारे बोल्डरों के पीछे रघुनाथ उर्फ सरजू खैरवार (38 वर्ष) का रक्तरंजित शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी के व्यवहार पर संदेह हुआ। महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा की गयी गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी रामकली खैरवार का नीरज कुमार शाह से प्रेम संबंध था। मृतक द्वारा लगातार शराब सेवन एवं पारिवारिक विवादों से परेशान होकर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
योजना के अनुसार 19 जून 2026 को नीरज कुमार शाह अपने साथी सूरज सिंह गोंड के साथ ग्राम भर्रा पहुंचा और मृतक को बहाने से हाईवे किनारे ले जाकर मारपीट की तथा पत्थर से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे बोल्डरों के पीछे छिपा दिया और फरार हो गए।
पुलिस ने साक्ष्यों एवं तकनीकी जांच के आधार पर तीनों आरोपियों – नीरज कुमार शाह (23 वर्ष), सूरज सिंह गोंड (22 वर्ष) एवं रामकली खैरवार (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
उक्त कार्यवाही मे थाना प्रभारी चितरंगी निरीक्षक सुधेश तिवारी, उपनिरीक्षक पवन सिंह, आर.के. वर्मा, उमेश तिवारी, सउनि रमेश साकेत सहित थाना चितरंगी एवं साइबर सेल टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal