ग्वालियर-
भितरवार के करहिया थाना क्षेत्र के ग्राम दुबहा रोड पर स्थित कंजर डेरे के पास मिले युवक के शव को देखकर सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सुपुर्दगी में लिया। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने पंचनामा बनाया और शव को पीएम के लिए भिजवाया। रविवार को पुलिस ने पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल यह खुलाया नहीं हो सका है कि मृतक की मौत शराब पीने से हुई है या फिर किसी ने हत्या की है।
बताया जाता है कि ग्राम करहिया में रहने वाला 25 वर्षीय राकेश रावत पुत्र लख्मी रावत कच्ची शराब पीने का आदी था। रोजाना की तरह वह शनिवार को सुबह परिजनों से बिना कुछ कहे घर से निकल गया और दुबहा रोड पर स्थित कंजर डेरे पर कच्ची शराब पीने के लिए पहुंच गया। शाम को लगभग 7.30 बजे राहगीरों ने युवक को सड़क पर पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को सुपुर्दगी में लिया। आसपास के लोगों ने शव की राकेश रावत के रूप में पहचान की। तब पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी और परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा बनाकर पीएम के लिए भिजवाया। मृतक के बड़े भाई बलवीर रावत ने बताया कि राकेश कच्ची शराब पीने का आदी था और रोजाना डेरे पर पहुंचकर कच्ची शराब पीता था।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal