ग्वालियर- शिवपुरी और ग्वालियरमें एक-एक व्यक्ति के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका के बाद ग्वालियर में मंगलवार अपराह्न चार बजे से अगले आदेश तक के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। पूरे शहर में पुलिस की गाड़िया लोगों को कर्फ्यू लगने और लोगों को अपने घरों में रहने कह रही है। लॉक डाउन के चलते वैसे भी शहर में सुबह से सन्नाटा पसरा हुआ है। जिले की सीमाएं सील कर दी गई हैं।
कोरोना वायरस सं संक्रमित शिवपुरी का एक युवक दुबई से लौटा है औऱ दूसरा युवक पत्नी के साथ खजुराहो से वापस आया है। इनकी जांच रिपोर्ट बॉर्डर लाइन पॉजिटिव (कोरोनावायरस के मिलते-जुलते लक्षण) आई है। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों के फिर से सैंपल लिए हैं। देर रात तक इसकी रिपोर्ट आने की संभावना है। इधर, पूरे संभाग में लॉकडाउन का असर देखा जा रहा है। पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है।
ग्वालियर के चेतकपुरी इलाके में रहने वाले अभिषेक मिश्रा करीब 15 दिन पहले अपनी पत्नी के साथ खजुराहो घूमने गया था। पांच दिन पहले ही वो वापस आया है। वहीं, शिवपुरी का दीपक शर्मा दुबई से वापस आया है। सर्दी और खांसी की शिकायत के बाद दोनों अस्पताल पहुंचे थे। दोनों की जांच रिपोर्ट सामने आई। स्वास्थ्य विभाग ये तय नहीं कर पा रहा है कि दोनों कोरोनावायरस से संक्रमित हैं या नहीं। वैसे डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल दोनों का इलाज कोरोना वायरस से संक्रमित मानकर ही किया जा रहा है। इसलिए दोनों के मंगलवार सुबह एक बार फिर से सैंपल लिए गए। इनकी जांच रिपोर्ट मंगलवार देर रात या बुधवार सुबह तक आने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि फिलहाल दोनों की हालत संक्रमित मरीजों की तरह नजर आ रही है। इसलिए आइसोलेशन में भी इनको विशेष निगरानी में रखा गया। संभावना जताई जा रही है दोनों विदेश से वापस आने के बाद परिवार के सदस्यों समेत करीब 100 से ज्यादा लोगों से मिले। ग्वालियर के युवक ने तबीयत खराब होने पर शहर के दो डॉक्टरों से इस दौरान चेकअप भी कराया है। बताया जा रहा है इन डॉक्टरों की भी तबीयत ठीक नहीं है। इन्हें होम आइसोलेट किया गया है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ऐसे लोगों की लिस्ट बनाना शुरू कर दी है, जो इनके संपर्क में आए हैं।
शिवपुरी जिला अस्पताल में बरती गई लापरवाही
बताया जा रहा है कि दुबई से लौटने के बाद दीपक शर्मा को 21 मार्च को सैंपल लेने के बाद अस्पताल में भर्ती कर लिया गया था। लेकिन वो शाम को फिर से घर वापस चला गया। घर में लापरवाही से रहने और आस-पड़ोस के लोगों से मिलता रहा। लोगों ने इसकी शिकायत भी कलेक्टर से की थी। मंगलवार सुबह जब उसकी रिपोर्ट आयी तो स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंची। दीपक अस्पताल जाने में भी आनाकानी कर रहा था। डॉक्टरों का कहना है कि हालांकि दीपक की रिपोर्ट बॉर्डर लाइन पर है लेकिन हम इसे कोरोना वायरस का संक्रमित मानकर ही चल रहे हैं। आज फिर से सैंपल लिया है। रिपोर्ट आने के बाद ये पता चल सकेगा की कोरोना वायरस किस स्टेज का है।
लॉकडाउन का असर घरों में दुबके लोग
शहर को 31 तक लॉकडाउन किया गया है। इसका असर सोमवार को कम, लेकिन जैसे ही शहर में 2 लोगों को कोरोना वायरस के संक्रमण होने की अफवा फैली लोग अपने आप घरों में चले गए। लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी सूचना एवं प्रौद्योगिकी संस्थान ग्वालियर में प्राचार्य द्वारा सभी कर्मचारियों को संस्थान आने का आदेश दिए गए हैं। वहीं जिला प्रशासन ने लॉक डाउन के चलते शासकीय कर्मचारियों को घर से काम करने के आदेश दिए हैं। वहीं बाजारों में सन्नाटा पसरा है। आज सुबह से आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से सब्जी भी शहर में नहीं आई है।
मुरैना में लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों को पुलिस ने धुना
मुरैना और सिवनी में लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया है। जानकारी के अनुसार मुरैना में लॉक डाउन के बाद भी सुबह से दुकानें खुल गई थी। दुकानें खुली तो लोग खरीदारी करने भी पहुंच गए। पुलिस की समझाइश के बाद भी लोग नहीं माने तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए कुछ लोगों की डंडे से पिटाई कर दी। पुलिस ने बाजार में कुछ वाहन भी जब्त किए हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal