डबरा/
भितरवार केग्राम डढूमर में विवाद के चलते की गई दो लोगों की हत्या के मामले में दूसरे दिन सोमवार को करीब डेढ़ बजे मृतको के परिजनों व समाज के लोगों ने करैरा तिराहा पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस द्वारा लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपनी मांगें पूरी होने के बाद जाम खोलने की बात करते रहे। करीब दो घंटे बाद एसडीएम केके सिंह गौर, एडीशनल एसपी सुरेंद्र सिंह गौर ने समाज के वरिष्ठ लोगों के साथ बैठक की और आश्वासन दिया सभी मांगों को पूरा कराने हर संभव प्रयास करेंगे। इसके बाद लोगों ने जाम खोला गया।
ग्राम डढूमर में रविवार को शिवराम यादव का खेत में नाली का पानी जाने को लेकर गांव के ही महेंद्र परिहार से विवाद हो गया था। इस दौरान महेंद्र और शिवराम के पक्ष के लोगों में जमकर लाठियां चलीं और पथराव हुआ। इसी दौरान शिवराम और उसके पक्ष के दीपक भार्गव, कपिल भार्गव, विनोद और अन्य लोगों के साथ ही महिलाओं ने भी 315 बोर, 12 बोर और कट्टों से फायरिंग की, जिसमें महेंद्र के पक्ष के जय सिंह (50) पुत्र छविराज परिहार, बादाम पुत्र रामचरण परिहार की मौत हो गई थी। वहीं जीतेंद्र परिहार गंभीर रूप से घायल हो गया था।
नाली का पानी खेत में जाने पर हुआ था विवाद, घटना में तीन लोग गंभीर घायल
अफसरों ने लोगों की मांगें माने जाने का आश्वासन दिया तब खोला जाम
12 लोगों पर मामला दर्ज गिरफ्तारी एक की भी नहीं
पुलिस द्वारा फरियादी राजेंद्र परिहार की शिकायत पर शिवराम यादव पुत्र चिम्मन यादव के साथ ही दीपक भार्गव पुत्र रमेश भार्गव, गोपाल पुत्र प्रागीलाल भार्गव, कपिल पुत्र गोपाल भार्गव, विनोद पुत्र प्रागीलाल, कल्ला पुत्र गोपाल, शांति पुत्र प्रागीलाल, मनीष पुत्र श्यामलाल यादव, श्यामलाल पुत्र चिम्मन सिंह, साधना पत्नी दीपक भार्गव, साधना पत्नी मनीष भार्गव और मनीष पुत्र प्रागीलाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन घटना के दूसरे दिन भी एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। हालांकि शिवराम व गोपाल भार्गव का ग्वालियर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सात से ज्यादा थानों की पुलिस पहुंची मौके पर
विवाद में शिवराम और उनके पक्ष के गोपाल भार्गव भी घायल हो गए थे। घटना में मृत जयसिंह का पीएम का भितरवार में किया गया, वहीं बादाम सिंह का पीएम ग्वालियर में हुआ। सोमवार को सुबह से ही परिजन, रिश्तेदार व समाज के लोग अस्पताल परिसर में एकत्रित होना शुरू हो गए थे। दोपहर करीब एक बजकर बीस मिनट पर ग्वालियर से जैसे ही शव आया। परिजनों व समाज के लोगों ने दोनों मृतकों को शव को रोड पर रखकर चक्काजाम कर दिया। वाहन न निकल सके इसके लिए ट्रक, डंपर और ट्रैक्टरों को रोड पर आड़े लगा दिया। जिसकी वजह से करैरा रोड व हरसी रोड पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। भितरवार के अलावा चीनौर, करहिया, बेलगढ़ा, आंतरी, डबरा व पिछोर सहित अन्य थाना प्रभारी मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे गए थे।
पुलिस सुरक्षा के बीच हुआ मृतकों का अंतिम संस्कार
घटना के दूसरे दिन भी ग्राम डढूमर पुलिस छावनी में तब्दील रहा। काफी संख्या में पुलिस बल गांव में दिनभर मौजूद रहा। वहीं गांव के मुक्तिधाम में सुरक्षा के बीच दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार कराया गया। इस दौरान प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं गांव में दूसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा। गांव के लोग भी घरों में बने रहे। बहुत ही जरुरी काम पर घरों से निकले।
समाज के वरिष्ठजनों से चर्चा कर खुलवाया जाम
जाम लगा रहे लोगों को पहले तो अधिकारियों द्वारा काफी समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह मांगे पूरी होने के बाद ही जाम खोलने की बात कहते रहे और पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी करते रहे। उनके द्वारा मांग की जा रही थी कि मृतकों की पत्नियों को जमीन का पट्टा दिया जाए, मृतकों के परिवार के पांच वयस्कों को सुरक्षा के लिए शस्त्र लायसेंस दिए जाएं, राहत राशि दी जाए, घायल जितेंद्र को राहत राशि व शस्त्र लायसेंस दिया जाए, मृतकों के एक-एक पुत्र को शासकीय नौकरी दी जाए, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए सहित मांग की जा रही थी। बाद में एसडीएम श्री गौर, एडीशनल एसपी सुरेंद्र सिंह गौर, एसडीओपी उमेश तोमर व तहसीलदार कुलदीपक दुबे ने समाज के वरिष्ठ लोगों के साथ बैठक की आश्वासन दिया कि उनकी मांगो को पूरा कराए जाने का प्रयास किया जाएगा। जिसके बाद जाम खोल दिया गया।
लोगों को समझाकर सड़क पर लगे जाम को खुलवाया
ग्राम डढूमर में मृतकों के परिजनों द्वारा कुछ समय के चक्काजाम किया था। सभी को समझाईश देकर जाम खुलवा दिया गया था। जहां तक उनकी मांगों का सवाल है वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। आरोपियों की तलाश कर रहे हैं।  सुरेंद्र सिंह गौर, एडीशनल एसपी देहात
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal