

*सभी जवानों के पास सिटी व डंडा रखने के निर्देश*
बलिया: कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दृष्टिगत सोमवार को पुलिस लाइन के आगे त्रिपाठी हाल में पुलिस ब्रीफिंग में डीएम श्रीहरि प्रताप शाही ने कहा कि भीड़ की हर गतिविधि पर नजर बनाए रखना है। दूर-दराज से पूरी आस्था के साथ आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो, इसका विशेष ध्यान रखना है। अगर किसी वाहन को रोक रहे हैं तो उन्हें पास की पार्किंग की जानकारी जरूर दे दें। सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि मेडिकल की चार टीमें जहां लगाई गई हैं, उनका नम्बर सबके पास रहे। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि सुरक्षित घाट पर ही श्रद्धालुओं को स्नान कराना है। खतरनाक घाट पर जाने वाले रास्ते की ओर किसी को नहीं जाने देना है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर रहने वाले हर जवान के पास सिटी व डंडा जरूर रहे, ताकि आसानी से भीड़ को रास्ता दिखाया जा सके।
*श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान कराना हम सबका कर्तव्य: एसपी*
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने कहा कि श्रद्धालुओं के सुरक्षित तरीके से स्नान कराना ही हम सबका आज का कर्त्तव्य है। जहां ड्यूटी हो वहां पूरे मनोयोग के साथ मुस्तैद रहें। एसपी ने कहा कि जहां तक वाहन आ सकते हैं, वहां तक लोगों को सुगमता से आने दिया जाए। चारों तरफ उन जगहों पर बैरियर लगा दिया जाए। वहां से कोई वाहन नहीं आएगा, श्रद्धालु पैदल ही जाएंगे। एसपी ने कहा कि बड़ी संख्या महिला श्रद्धालुओं की भी होती है। ऐसे में अगर रास्ते से जुड़ी जानकारी कोई पूछता है तो विनम्रता पूर्वक उन्हें बताना भी है। उन्होंने यातायात और वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुदृढ़ रखने पर भी विशेष जोर दिया।
*कटहल नाला के पास रखें विशेष सतर्कता*
कटहल नाला के पास जिनकी ड्यूटी लगी है उनको हर समय सतर्क रहना है। वहां जो बैरिकेडिंग लगी है उसके पास तक कोई ना जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग को टच तक नहीं करने देना है। उन्होंने यह भी कहा कि घाट पर जिनकी ड्यूटी है, नाविकों के साथ रहने वाले गोताखोर और सिपाहियों से भी हमेशा संपर्क में रहें। श्रद्धालुओं से निवेदन करना है कि पानी में लगी बैरिकेडिंग से आगे किसी भी हालत में ना जाए।
———————–
*कोषागार का निरीक्षण कर पेंशनरों की सुविधाओं का किया सत्यापन*
बलिया: जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने सोमवार को कोषागार का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की साफ सफाई व रिकार्ड रूम में अभिलेखों के रख-रखाव की बेहतरी पर सराहना की। हालांकि निरीक्षण का उद्देश्य पेंशनरों की सुविधाओं की जांच करना था। जिलाधिकारी वहां मौजूद पेंशनरों से बातचीत की। उनको किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं है, इसके बारे में जानकारी ली।
वरिष्ठ कोषाधिकारी ममता सिंह को निर्देश दिया कि पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण में तत्परता बरती जाए। अगर किसी टेबल पर बाबू कोई दिक्कत करते हैं तो उसे गंभीरता से लेते हुए उन पर बेहिचक कार्रवाई हो। इसके बाद वे पूरे कोषागार में घूमकर वहां की व्यवस्था का जायजा लिया। रिकार्ड रूम में गए तो वहां बेहतर ढ़ंग से रखे गए अभिलेखों को देख काफी खुश हुए। इसके लिए उन्होंंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनवर की पीठ थमथपाई। डबल लॉक का भी जायजा लिया।
*बहुउद्देश्यीय सभागार को देखा*
इसके बाद जिलाधिकारी ने नवनिर्मित बहुउद्देशीय सभागार को देखा। बिजली और लाइट की व्यवस्था सुदृढ़ नहीं होने पर कार्यदाई संस्था के अधिकारी को निर्देश दिया कि तत्काल यहां विद्युत व्यवस्था बेहतर बनाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि यह सभागार अत्यंत भी बेहतरीन है और इसकी बेहतरी को मेंटेन रखना है। वरिष्ठ कोषाधिकारी ममता सिंह, प्रशासनिक अधिकारी विजय कांत श्रीवास्तव, नाजिर अश्विनी तिवारी साथ थे।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal