ग्वालियर
प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह क्षत्रिय समाज के कार्यक्रम में शामिल होने आये थे उन्होंने बाल भवन में नगर निगम अधिकारियों की बैठक ली।
मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मुन्नाालाल गोयल और प्रवीण पाठक ने उखड़ी सड़कें और स्वच्छता में बदहाली जैसे मुद्दों को उठाया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुधार के लिए पैसा चाहिए। नगर निगम चुनाव सिर पर हैं। यदि पैसा नहीं मिला तो हालात नहीं सुधरेंगे। ऐसी स्थिति में हमारी हार पक्की है। मंत्री तोमर जब पैसे की घोषणा के लिए अड़ गए तो आखिर नगरीय विकास मंत्री ने 24 करोड़ देने का वादा कर दिया। यह पैसा स्वच्छता अभियान में संसाधनों पर खर्च किया जाएगा। मंत्री जयवर्धन सिंह ने अमृत योजना में खोदी गई सड़कों का 50 दिन में रेस्टोरेशन करने की हिदायत दी। उन्होंने मुरार नदी, स्वर्ण रेखा नदी प्रोजेक्ट पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया। निगमायुक्त संदीप माकिन भोपाल में हैं इसलिए वे बैठक में शामिल नहीं हो सके। बैठक में कलेक्टर अनुराग चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रैंकिंग में पिछड़ने से गिरी साख
बाल भवन में रात 8ः30 से 10 बजे तक चली बैठक में मंत्री तोमर ने कहा कि स्वच्छता के मामले में ग्वालियर की हालत बेहद खराब है। इको ग्रीन ठीक से काम नहीं कर पा रही है। निगम को संसाधनों के लिए फंड की जरूरत है। हमें इस बार टॉप 10 में आना है। यह आपकी पहली बैठक है। जनता के लिए कुछ घोषणा कर दें। मंत्री ने अपर आयुक्त स्वच्छता नरोत्तम भार्गव से पूछा तो उन्होंने बताया कि ईको ग्रीन को पावर पर्चेचिंग का मामला अटका है। निगम अपने स्तर पर काम कर रहा है लेकिन करीब 24 करोड़ के संसाधनों की जरूरत है। मंत्री ने 24 करोड़ देने का भरोसा दिया। उन्होंने भरोसा दिया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में केवल दो माह रह गए हैं। इसके लिए प्रमुख सचिव से 60 डेज का वर्क प्लान तैयार कराया जाएगा।
दो पावरफुल पूर्व मंत्रियों ने करा लिया विकास, दक्षिण का रह गया विकास
मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर तथा विधायक मुन्नाालाल ने अपनी-अपनी विधानसभा में सीवर, सड़क आदि के लिए पैसा मांगा। श्री गोयल ने मुरार नदी के जीर्णोद्वार के लिए 64 करोड़ के प्रोजेक्ट के लिए राशि स्वीकृत करने और सड़कों के लिए 50 की मांग की। इस पर दक्षिण विधानसभा के विधायक प्रवीण पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार में पूर्व की विधायक माया सिंह तथा ग्वालियर विधानसभा के विधायक जयभान सिंह पवैया पावरफुल मंत्री रहे। उन्होंने अपनी विधानसभाओं में करोड़ों के विकास कार्य करा लिए। लेकिन दक्षिण विधानसभा के विधायक व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह केवल 2 करोड़ के काम करा सके। इसलिए इस विधानसभा में विकास कार्यों के लिए ज्यादा पैसा दिया जाना चाहिए। उनके क्षेत्र में सड़कें काफी खराब हो चुकी है।
50 दिन में बनाना होंगी सड़कें
अमृत योजना के तहत खोदी गई सड़कों का मामला भी विधायकों ने उठाया। उनका कहना था कि सड़कों के निर्माण और पैंचवर्क के लिए भी 50 से 70 करोड़ की जरूरत है। मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि इस बार बारिश ज्यादा होने से प्रदेश भर में सड़कें ज्यादा खराब हुई हैं। वे मुख्यमंत्री अधोसंरचना तथा अन्य मदों से पैसा दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने उखड़ी सड़कों का 50 दिन में रेस्टोरेशन करने की कड़े शब्दों में चेतावनी दी।
एरिया ज्यादा, संसाधन कम
मंत्री ने जब निगम की आय-व्यय का ब्योरा मांगा तो अपर आयुक्त वित्त देवेन्द्र सिंह पालिया ने कहा कि इंदौर की तुलना में ग्वालियर नगर निगम का क्षेत्रफल दो गुना है। फिर भी हमें चुंगी क्षतिपूर्ति राशि इंदौर की तुलना में बहुत कम मिलती है। इसलिए शहर में विकास कार्यों पर विपरीत असर पड़ता है। निगम में नेता प्रतिपक्ष कृष्णराव दीक्षित और उपनेता चतुर्भुज धनोलिया ने चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि देने की मांग की। उनका कहना था कि उन्होंने वित्त आयोग की बैठक में शहर विकास के लिए कुछ प्रस्ताव दिए थे। वे यदि स्वीकृत कर दिए जाएं तो काफी विकास हो सकता है।
इन मुद्दों पर भी हुई मंथन
-स्वर्ण रेखा नदी के सौंदर्यीणकरण का प्रोजेक्ट अधूरा पड़ा है। मंत्री सिंह ने कहा कि स्मार्ट सिटी, जल संसाधन और निगम प्रशासन तय करे कि कौन कितना पैसा लगाएगा।
-निगम पीआईयू के नोडल अधिकारी पवन सिंघल ने बताया कि केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने 4.50 करोड रुपए स्वीकृत कर दिए हैं। इससे वे स्वीपिंग मशीन भी खरीद सकते हैं।
-नगरीय विकास विभाग के प्रमुख सचिव संजय दुबे सहित अन्य प्रमुख अधिकारी 4 नवंबर को ग्वालियर आएंगे। वे स्वच्छता सर्वेक्षण, सड़क, मुरार नदी, स्वर्ण रेखा नदी सहित अन्य प्रोजेक्ट की समीक्षा करेंगे। मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि उनके साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार कराएं। जरूरत के अनुसार सरकार से पैसा भी दिलाया जाएगा।
-मंत्री तोमर व विधायकों ने पार्क अधिकारी मुकेश बंसल की लापरवाही उजागर की तो मंत्री श्री सिंह ने कह दिया कि ऐसे लोगों को क्यों ढो रहे हो। मंत्री श्री सिंह ने मंत्री श्री तोमर के स्वच्छता अभियान के तहत झाड़ू लगाने और नाले साफ करने की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे जनता को जागरूक कर रहे हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal