ग्वालियर. सिरौल मेहरा- क्षेत्र की फूटी कॉलोनी जैसे स्थानों पर सरकारी जमीनों पर कब्जा कर बेचने वाले सुरेंद्र यादव उर्फ बल्ली कमरिया के खिलाफ जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की है। यह प्रदेश का पहला मामला है, जब सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर उसे बेचने वाले किसी आरोपी के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की गई है। अफसरों ने जांच के दौरान पाया कि बल्ली कमरिया ने लगभग सौ लोगों को सरकारी जमीन बेची है। दस हजार रुपए के इनामी बल्ली के खिलाफ पुलिस में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पहली बार अतिक्रमणकारी के खिलाफ इतनी बड़ी कार्रवाई
ग्वालियर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, दर्ज हैं कई केस
एसडीएम झांसी रोड अनिल बनवारिया के मुताबिक 40 दिन पहले मेहरा क्षेत्र में पांच बीघा सरकारी जमीन से 35 अतिक्रमण हटाए गए थे। इस जमीन की कीमत 10 करोड़ से ज्यादा है। यहां काबिज लोगों से पता चला था कि बल्ली ने फूटी कॉलोनी, सिरोल व मेहरा में निजी सर्वे नंबर 859 की जमीन दिखाकर सौदा किया और खरीदारों को कब्जा सरकारी जमीन पर दे दिया। कलेक्टर अनुराग चौधरी के मुताबिक बल्ली कमरिया सुरेंद्र यादव) निवासी हुरावली थाना सिरोल पर तीन माह के लिए रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगाया गया है।
रासुका आदेश में कहा गया है कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर फर्जी कागज तैयार कराकर उसे बेच देता है। वह इस तरह से लगभग सौ लोगों के साथ धोखा कर चुका है। चूंकि वह आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है इसलिए उसके खिलाफ लोग थाने में पहुंचकर प्रकरण दर्ज कराने से डरते हैं। इस तरह के अपराध बल्ली द्वारा वर्ष 2005 से लगातार किए जा रहे हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal