ग्वालियर-
प्रजातंत्र और कलयुग में अगर आगे बढ़ना है। उन्नति और विकास करना है तो सबको संगठित होने की जरूरत है। धन और दौलत से कोई आदमी आगे नहीं बढ़ सकता। केवल वही आगे बढ़ सकता है, जिसके पास अच्छी शिक्षा, अच्छी नीति और अच्छी राजनीति है। असहाय और निर्बल की रक्षा करना क्षत्रिय समाज का इतिहास रहा है, लेकिन आज हम अपने पूर्वजों के दिखाए मार्ग से भटक रहे हैं। यह बात भितरवार काली माता मंदिर प्रांगण में श्रीराम क्षत्रिय महासभा द्वारा आयोजित दशहरा मिलन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के सहकारिता एवं सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि हमें अपने पूर्वजों के इतिहास को याद करना होगा और आगे बढ़ना होगा। जिसने अपने पूर्वजों के इतिहास को भुला दिया है और उनके बताए पद चिन्हों पर नहीं चलता है तो निश्चित ही उसका पतन हो जाएगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति की कुंजी है। इनके मनाने से धर्म संस्कृति जीवंत बनी रहती है और जीने के संस्कार देती है। हमारे देश में सभ्यता और संस्कृति दो सबसे महत्वपूर्ण विकल्प है। सभ्यता बदलती रहती है, लेकिन संस्कृति नहीं। क्षत्रिय समाज का इतिहास खून के पन्नों से भरा पड़ा है। हमें इतिहास के पन्नों का अनुसरण करना चाहिए और अपने आने वाले भविष्य को भी उसका अनुसरण कर आना चाहिए। तभी तो हम अपने पूर्वजों को और उनके इतिहास को याद रख पाएंगे। उन्होंने मंच से सभी को समाज के अंदर और समाज के बाहर सब को स्वस्थ और स्वच्छ रहने के लिए स्वच्छता अभियान में सहयोग एवं बच्चों की शिक्षा पर जोर तथा निर्बल गरीब असहाय व्यक्ति की सहायता का संकल्प दिलाया।
हम खोते जा रहे अपनी संस्कृति
कार्यक्रम में अभिताभ सिंह हरसी ने कहा दशहरा जैसा त्योहार साल में एक बार आता है। समाज को अगर मजबूत और एक होना है तो कम से कम साल में चार आयोजन सुंदरकांड पाठ के साथ किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम अपनी धर्म संस्कृति को दिन प्रतिदिन खोते जा रहे हैं। इस अवसर पर श्रीराम क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह परमार, दाऊ परमाल सिंह, धर्मेन्द्र सिंह चौहान, लोकेन्द्र सिंह पवैया, परशुराम पवैया, बृजेन्द्र सिंह पवैया, सुरेन्द्र भदौरिया, बृजेन्द्र कुशवाह, योगेश पवैया, भितरवार एसडीएम केके सिंह गौर, मानवेंद्र सिंह परमार, संजय चौहान, अनिल वैश्य, रविन्द्र सिंह पवैया, केशव सिंह, लल्लू सिंह परिहार, मंजूर सिंह परमार, बीरबल सिंह पवैया, सर्वेश सिंह सिसोदिया, मानवेंद्र सिंह पपरमा सहित हित कई समाज बंधु उपस्थित रहे।
51 किलो का हार पहनाकर किया अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम के दौरान समाज के बुजुर्गों ने श्रीराम क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह परमार के नेतृत्व में मंचासीन अतिथियों का 51 किग्रा का हार पहनाकर स्वागत किया। इसके साथ हाई स्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षा में 70 से अधिक अंक लाने वाले लगभग एक दर्जन छात्र-छात्राओं स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
धूमधाम से निकाला चल समारोह
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व क्षत्रिय समाज के लोगों ने नगर के विभिन्न मार्गों से विशाल चल समारोह निकाला। क्षत्रिय समाज के लोगों ने भगवान राम की पूजा अर्चना कर घाटमपुर से चल समारोह का शुभारंभ किया। चल समारोह में नवयुवकों ने बाइकों पर केसरिया रंग के झंडे लगाकर नगर का भ्रमण किया। क्षत्रिय समाज द्वारा निकाले गए चल समारोह का अग्रवाल समाज के लोगों ने अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। अन्य समाज के लोगों ने भी जगह-जगह भगवान राम की आरती उतारी।
डॉ. गोविन्द सिंह बैठे पवैया की गाड़ी में
दशहरा मिलन समारोह में शामिल होने आए सहकारिता मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह एवं पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया रेस्ट हाउस पर मिले और कार्यक्रम स्थल के लिए जैसे ही रवाना होने लगे। तब डॉ. गोविन्द सिंह अपनी गाड़ी में न बैठते हुए जयभान सिंह पवैया की गाडी में जाकर बैठ गए। खास बात यह रही कि गाड़ी में इन दोनों नेताओं के अलावा और कोई नहीं था।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal