ग्वालियर।
शहर सरकार आपके द्वार अभियान के शुभारंभ पर ही नगर सरकार के कारनामों का दर्द माननीयों के भीतर से फूट पड़ा। बाल भवन में इस अभियान के शुभारंभ समारोह की शुरुआत पूर्व विधानसभा से विधायक मुन्नालाल गोयल ने की। इसके बाद नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कृष्णराव दीक्षित ने हालात को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। मुख्य अतिथि खाद्य मंत्री प्रघुम्न सिंह तोमर भी इससे अछूते नहीं रहे। उन्होंने तो यह तक कह दिया कि जनता का पैसा बर्बाद हो रहा है। अब प्रदेश सरकार का ‘शहर सरकार आपके द्वार’ अभियान से आमजन को सहूलियत होगी। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में विधायक प्रवीण पाठक, नगर निगम सभापति राकेश माहौर, नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन सहित पार्षदगण बलवीर तोमर, चतुर्भुज धनोलिया, चंदू सेन, बाबूलाल चौरसिया, धर्मेन्द्र कुशवाह सहित व विभागीय अधिकारी एवं अभियान से जुड़े हुए लोग उपस्थित थे।
मंच से भाषणों में फूटा दर्द

खाद्य मंत्री प्रघुम्न सिंह तोमरः शहर सरकार आपके द्वार के माध्यम से हम समाधान जितना कर पाएंगे वो बात अलग है। इससे कम से कम कार्ययोजना तो बनेगी। शहर के पर्यावरण से लेकर ई-सुविधाओं का लाभ लोगों को अपने ही क्षेत्र में मिलेगा। मैं यहां एक बात बोलना चाहूंगा कि गली-मोहल्ले की सड़कें जो डल रहीं हैं, इनकी कोई गारंटी तो होना चाहिए। अगर सड़क बनने के तीन माह बाद उखड़ गई तो कोई भी ऐसा नहीं होगा जो सही कहेगा। लोग कम रेट पर टेंडर डालकर घटिया काम कराते हैं, इस पर अंकुश लगाना होगा। ये जनता का पैसा है।
विधायक मुन्नालाल गोयलः मैं खुश नहीं हूं। अपनी विधानसभा में सड़कों व अन्य मामलों को लेकर अगर हम जनता की ही कसौटी पर खरे नहीं उतरे तो हमें निगम के खिलाफ सड़कों पर उतरने में देर नहीं लगेगी। शहर सरकार आपके द्वार प्रदेश सरकार की अच्छी पहल है, यह लोगों को फायदा देगी।
नेता प्रतिपक्ष कृष्णराव दीक्षितः ये दुर्भाग्यपूर्ण है, पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा था कि यहां बारिश के बाद अक्टूबर में बनी सड़क भी तीन माह में ही उखड़ जाती है। ये भ्रष्टाचार खत्म होना चाहिए। विभागीय काम में पारदर्शिता नहीं है, जो कि बहुत जरूरी है।
निगमायुक्त बोले- सभी संस्थाएं करेंगी काम
कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान न केवल निगम बल्कि महिला बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी अपनी-अपनी संस्थाओं के जरिए बेहतर कार्य करेंगे। नगर निगम द्वारा गठित दल शहर के सभी वार्डों में अभियान के दौरान भ्रमण कर लोगों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। इसके साथ ही ई-नगर पालिका के माध्यम से लोगों को बेहतर सुविधाएं किस प्रकार उपलब्ध हो सकती हैं, इसकी जानकारी देंगे।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal