ग्वालियर –
डबराके निकटचीनोर थाना क्षेत्र के ग्राम चीनोर में चार नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर डकैती डाली। बदमाश हाथ में कट्टे लेकर घुसे और मां-बेटी को बंधक बनाकर मारपीट की व सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपए नकदी और 315 बोर की बंदूक समेत करीब नौ लाख रुपए का माल लूटकर ले गए।

घर के अंदर से जब चीखने-चिल्लाने की आवाज पड़ोसियों ने सुनीं, तब उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर उप-निरीक्षक करन सिंह रावत पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की। लेकिन घटना स्थल पर कोई सुराग नहीं मिलने से बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। एसडीओपी दिलीप जोशी भी घटना स्थल पर पहुंचे। वारदात की वजह से दोपहर तीन बजे से चीनोर कस्बे में दहशत की स्थिति बनी रही।
पीड़िता रामबेटी पत्नी ज्ञान सिंह राजपूत (50) पुत्र विजय सिंह निवासी ग्राम किशोरगढ़ हाल निवासी तहसील कार्यालय के सामने ग्वालियर बनवार रोड अपने छोटे भाई मजबूत सिंह तथा बेटी बॉबी के साथ रहते हैं। रविवार को ज्ञान सिंह अपने भाई मजबूत सिंह के साथ गांव गया था और घर में पत्नी और बेटी अकेली रह गई थी। दोपहर 3 बजे पीड़िता रामबेटी और उसकी बेटी अपने कमरे में टीवी देख रही थीं। तभी चार अज्ञात बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर कमरे के अंदर घुस आए और ज्ञान सिंह के बारे में पूछताछ करने लगे। जब उन्होंने कुछ बताने से मना किया, उन्होंने पीड़िता रामबेटी और उसकी बेटी से मारपीट कर दी। दो लोगों ने सिर पर कट्टा अड़ाकर चुप रहने के लिए कहा और दो लोगों ने कमरे में रखे दीवान-पलंग को खोल लिया और उसमें रखे 20 हजार रुपए नकद, 200 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के आभूषण और 315 बोर की बंदूक, जो मजबूत सिंह के नाम पर है, उसे निकाल लिया और मां-बेटी को कमरे में बांधकर भाग गए। घर के अंदर से आ रही चीख-पुकार की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मां-बेटी को कमरे के अंदर से बाहर निकाला।
एक महीने पहले आया था फिरौती संबंधी गुमनाम पत्र
बताया गया है कि पीड़ित के घर करीब एक महीने पहले पोस्ट से एक गुमनाम पत्र आया था। इसमें 10 लोगों के नाम थे और उसमें लिखा गया था कि सभी लोग 10-10 लाख रुपए दे दें। फिरौती की रकम शीलता माता मंदिर के पास रखवा दें। पत्र पर किसी का नाम नहीं लिखा था कि वह कहां से आया है और किसने भेजा है। पत्र मिलते ही उसे पीड़ितों ने पुलिस को सौंप दिया था। उसके बाद यह घटना सामने आ गई।
10 साल पहले ही आए हैं चीनोर
ज्ञान सिंह की पत्नी रामबेटी ने बताया कि उन्होंने 10 साल पहले ही चीनोर में मकान बनवाया है। इससे पहले वह किशोरगढ़ गांव में बने पुश्तैनी मकान में रहते थे। उनकी खेती-बाड़ी गांव में ही है। इसलिए उनके पति छोटे भाई के साथ खेती को देखने के लिए गांव गए हुए हैं। दिनदहाड़े घर में हुई डकैती के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मां-बेटी तो सदमे में है। साथ ही पूरे गांव के लोग घबरा रहे हैं कि पता नहीं अब कौन सा घर बदमाशों के निशाने पर आ जाए।
ये सामान ले गए बदमाश
फरियादी ज्ञान सिंह ने डकैती में गए माल को लेकर बताया कि सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 9 लाख रुपए का माल बदमाश ले गए हैं। इनमें 200 ग्राम सोना (इसमें सोने की 7 अंगूठी, एक मंगलसूत्र, 6 सोने की चूड़ी, 1 सोने की चेन), 1 किलो चांदी के आभूषण सहित 20 हजार रुपए नकदी और एक 315 बोर की बंदूक शामिल हैं। बदमाशों को सुराग लगाने के लिए डॉग स्कवायड भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। घटना को लेकर देर रात तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
पहले की घटनाओं का अभी तक नहीं लगा सुराग
बताया जाता है कि अज्ञात बदमाशों द्वारा रविवार को डाली गई डकैती की घटना से पहले भी दो बार डकैती की घटना हो चुकी है। 15 अक्टूबर 2018 को हथियार बंद अज्ञात बदमाशों ने टेंट व्यवसायी दीपेन्द्र सिंह राजपूत पुत्र स्वर्गीय गजेन्द्र सिंह के घर में रात को घुसकर डकैती डाली थी और हथियार तानकर परिजनों से मारपीट की और 1.75 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषण व पिस्टल सहित लगभग 15 लाख रुपए सामान चोरी करके ले गए। वहीं अज्ञात बदमाशों ने 14 मार्च 2019 को दोबारा दीपेन्द्र घर डकैती डालने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों के जागने पर वह डकैती डालने में सफल नहीं हो सके थे। परंतु पुलिस अभी डकैती डालने वाले बदमाशों को पकड़ नहीं सकी है।
ग्रामीणों के साथ रातभर सर्चिंग करती रही पुलिस
बदमाशों के द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने के बाद यह पता नहीं लग पाया कि यह बदमाश मोटर साइकिलों से आए थे या कार से। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने भी शहर में घेराबंदी कर दी थी। लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया। बाद में थाना पुलिस ग्रामीणों की मदद लेकर रातभर बदमाशों की तलाश में जुटी रही। कुछ जगहों पर पुलिस ने भी घेराबंदी कर दी थी, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal