ग्वालियर-
दौलतगंज में ज्वेलर्स नरेश अग्रवाल व प्लास्टिक कारोबारी अनिल जैन के बीच रविवार की दोपहर बोर्ड के ऊपर सामान लटकाने को लेकर विवाद हो गया। हाथापाई होने पर दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। 60 वर्षीय नरेश अग्रवाल पुलिस को अपनी समस्या बता रहे थे। अचानक वह चक्कर खाकर गिर गए। व्यापारी की पलभर में सांसें थम गईं। व्यापारी की हालत देखकर पुलिस अधिकारी व जवानों के हाथ-पैर फूल गए। पुलिस व उनके परिजन नरेश अग्रवाल को अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि व्यापारी की मौत हार्टअटेैक से हुई है। परिजनों ने व्यापारी के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने मृतक व्यापारी के पुत्र की रिपोर्ट पर अनिल जैन व अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है।
दौलतगंज में नरेश अग्रवाल की ज्वेलर्स की दुकान है। इनके ठीक ऊपर किराए की दुकान में अनिल जैन प्लास्टिक का सामान बेचने का कारोबार करते हैं। अनिल जैन प्लास्टिक की बाल्टी व अन्य सामान प्रदर्शन के लिए ज्वेलर्स के बोर्ड पर लटका देता है। इस पर नरेश अग्रवाल को आपत्ति थी। कई बार नरेश अग्रवाल बोर्ड पर लटक रहा सामान खींचकर रख लेते थे। दो दिन पूर्व भी ऐसा हुआ था।
सामान लटकाने के लेकर हुआ विवाद कोतवाली थाना टीआई अजय चानना ने बताया कि दुकान खोलते ही रविवार की दोपहर अनिल जैन ने फिर सामान लटका दिया। नरेश अग्रवाल ने सामान खींचकर अपने पास रख लिया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आज झगड़ा हाथापाई तक पहुंच गया। झगड़ने के बाद दोनों पक्ष थाने आ गए।
मोबाइल में वीडियो दिखाते समय पड़ा हार्टअटैक-
नरेश अग्रवाल एचसीएम रूम में मोबाइल में की गई वीडियो रिकॉर्डिंग दिखाकर पुलिस को अपनी समस्या बता रहे थे। दोनों पक्षों के बीच मुंहबाद भी हो रहा था। अचानक नरेश अग्रवाल चक्कर खाकर गिर गए और उनकी सांसें भी थमने लगीं। थाने में पुलिस अधिकारी व जवानों के व्यापारी की हालत देखकर हाथ-पैर फूल गए। टीआई ने अचेत व्यापारी के बेटे प्रदीप अग्रवाल के साथ उन्हें अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि अचानक गर्मी में हार्टअटैक पड़ने के कारण व्यापारी की मौत हुई है।
पीएम कराने से किया इनकार-
टीआई ने बताया कि मृत व्यापारी की मौत का कारण पता लगाने के लिए परिजनों को मर्ग कायम कराकर पीएम कराने के लिए समझाइश दी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। व्यापारी के परिजनों ने लिखकर पंचनाम दिया कि वह शव का पीएम नहीं कराना चाहते हैं।

मारपीट का मामला दर्ज किया –
कोतवाली थाना पुलिस ने मृत नरेश अग्रवाल के पुत्र प्रदीप अग्रवाल निवासी दौलतगंज की रिपोर्ट पर अनिल जैन, नरेंद्र जाटव, सोहेल खान व अक्षत जैन के खिलाफ दुकान में घुसकर मारपीट करने व अभद्रता करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मारपीट के मामले की जांच कर रही है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal