ग्वालियर-
लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग के आदेश के बाद जिला अस्पताल मुरार एवं सिविल अस्पताल हजीरा, वीरपुर एवं डबरा में सोमवार से सुबह 9 से शाम 4 बजे तक ओपीडी संचालित होगी। इसमें दोपहर 3.30 बजे तक रजिस्ट्रेशन पर्चे बनाने अनिवार्य होगा। इस दौरान मरीजों की सभी प्रकार की जांचे होंगी और उसी दिन रिपोर्ट भी मरीज को मिल जाएगी। भोपाल से आदेश मिलने के बाद सीएमएचओ ने सभी अस्पतालों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।

1 मई को लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग ने ओपीडी के समय को लेकर नया आदेश जारी किया है। 2 मई को रविवार होने के कारण उलझन की स्थिति बनी रही। हालांकि शासन का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू था, इसलिए देर शाम सीएमएचओ डॉ मृदुल सक्सेना ने सभी अस्पतालों को इस संबंध में निर्देश दे दिए हैं। जिससे की सोमवार से जिला अस्पताल मुरार सहित सभी सिविल अस्पतालों में सुबह 9 से शाम 4 बजे तक ओपीडी का संचालन हो सके। इस आदेश में आपातकालीन ड्यूटी का समय भी निर्धारित किया गया है।
जांचो के टाइम को लेकर उलझनः आदेश में सुबह 9 से शाम 4 बजे तक एक्सरे एवं रक्त की जांचो का उल्लेख किया गया है। इसमें आपातकालीन ड्यूटी के समय जांचो को लेकर कोई उल्लेख नहीं होने से उलझन की स्थिति बन गई है। वहीं शहरी स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं डिस्पेंसरियों को लेकर टायमिंग में बदलाव का भी उल्लेख नहीं किया गया है।
एसोसिएशन ने की पुनर्विचार की मांगः मध्य प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ ने डॉक्टरों के मेडिकल ऑफिसर के पद पर पदस्थ डॉक्टरों का प्रमोशन करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि ओपीडी के समय परिवर्तन को लेकर पूर्व सरकार ने भी निर्णय लिया था, लेकिन व्यवहारिक परेशानियों को देखते हुए बाद में ओपीडी का समय सुबह 8 से दोपहर 1 एवं शाम को 5 से 6 कर दिया गया था। वर्तमान में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को देखते हुए संघ ने मांग की है कि सरकार इन निर्णयों पर पुनर्विचार करे।
डॉक्टरों में हडकंपः सरकार के इस आदेश से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, जबकि डॉक्टरों में हडकंप मच गया है। व्हाट्सएप ग्रुप से लेकर भोपाल स्तर तक इसका विरोध शुरू हो चुका है। विशेष रूप से जो डॉक्टर प्रायवेट प्रैक्टिस करते हैं, उनकी दिक्कत बढ़ना तय है।
वर्जनः
शासन के निर्देशों के तहत जिला अस्पताल मुरार, सिविल अस्पताल हजीरा, वीरपुर, डबरा में सोमवार से सुबह 9 से शाम 4 बजे तक ओपीडी संचालित होगी। हमने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
डॉ मृदुल सक्सेना, सीएमएचओ
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal