शिवपुरी. करैरा क्षेत्र में अवैध रेत खनन में कार्रवाई न करने पर पुलिस खुद रेत माफिया के लोगों का शिकार हो गई है। गुरुवार की रात करीब 11 बजे रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ने गई सुनारी चौकी पुलिस पर रेत माफिया के लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें सुनारी चौकी प्रभारी और आरक्षक घायल हो गए।
सिर में गंभीर चोट के चलते आरक्षक दिलीप को इलाज के लिए करैरा से शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। रेत माफिया के हमले में एसआई व आरक्षक के घायल होने की घटना के बाद पुलिस अपनी फजीहत को छुपाने में लगी है। जबकि रेत के अवैध कारोबार में लगे माफिया के खिलाफ सख्ती नहीं बरती जा रही है।
पथराव में एसआई और आरक्षक हुए चोटिल
जानकारी के मुताबिक करैरा थाने की सुनारी चौकी के प्रभारी रवि गुप्ता और आरक्षक दिलीप खरैह गुरुवार की देर शाम रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ने क्षेत्र में पहुंचे। बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे सड़ गांव के पास रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ने की कोशिश की तो रेत माफिया के लोगों ने पथराव कर दिया।
पथराव में आरक्षक दिलीप खरैह पुत्र अशोक खरैह के सिर में गंभीर चोट आ गई। इस घटना एसआई रवि गुप्ता को भी चोटें आईं हैं। आरक्षक दिलीप की हालत को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करैरा से डॉक्टर ने शिवपुरी रेफर कर दिया। रात में ही आरक्षक दिलीप को शिवपुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि चौकी प्रभारी करैरा में ही हैं।
खून से आरक्षक की वर्दी भीगी
जिला अस्पताल में भर्ती आरक्षक दिलीप खरैह से घटना के संबंध में जानकारी लेना चाही तो उन्होंने ज्यादा कुछ बताने से इनकार कर दिया। बस इतना ही कहा कि वह रेत के ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ने गए थे। उन लोगों ने हम पर हमला बोल दिया। आरक्षक की बनियान भी फटी है और वर्दी भी नहीं है। जिससे बताया जा रहा है कि खून से वर्दी भीग गई थी इसलिए सादा कपड़े पहनाकर आरक्षक को शिवपुरी लाया गया।
पुलिस पर हमले को लेकर अफसर फोन नहीं उठा रहे
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर ने फोन नहीं उठाया। वहीं पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर ने फोन रिसीव कर लिया और कहा कि वे छुट्टी पर हैं। इस संबंध में अतिरिक्त एसपी से ही बात करें। करैरा एसडीओपी आत्माराम शर्मा ने बताय कि वे ग्वालियर में हैं। करैरा टीआई से बात करके जानकारी देंगे। हालांकि देर रात करैरा थाना प्रभारी राकेश शर्मा से बात हो और उन्होंने आरोपियों पर केस दर्ज करने की बात कही है।
आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर दिया है
एसआई रवि गुप्ता और आरक्षक दिलीप गश्त कर लौट रहे थे। सड गांव के पास एक ट्रैक्टर मिला। उन्होंने ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की तो ड्राइवर ने दोनों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। बाइक से चल रहे दो लोगों ने आकर आरक्षक दिलीप के सिर में फरसा मारा और एसआई रवि व आरक्षक दिलीप की डंडों से मारपीट कर दी। आरोपी पिंकी रावत सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राकेश शर्मा,थाना प्रभारी करैरा
————————
जान से मारने की धमकी और गालियां दी
अशोकनगर. रेत का अवैध परिवहन कर रहे ट्रैक्टर ट्रॉली का पंचनामा बना रहे नायब तहसीलदार के साथ रेत माफिया के 4 लोगों ने मारपीट की। नायब तहसीलदार के हाथ से पंचनामा छुड़ाकर फाड़ दिया। सड़क पर पड़ी लकड़ी उठाकर नायब तहसीलदार के सिर में मार दी। जब नायब तहसीलदार जान बचाने गाड़ी में जाकर बैठे तभी चारों ने गाड़ी पर हाथ मारते हुए फिर से ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ने पर जान से मारने की धमकी दी। नायब तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने चारों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने पर एफआईआर दर्ज कर ली।
नायब तहसीलदार मयंक खेमरिया ने बताया वे निजी कार से नईसराय आ रहा था। तभी अजलेश्वर के पास रोड पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली रेत भरकर ले जा रहा था। मैंने ट्रैक्टर रोककर ड्राइवर से रायल्टी दिखाने के लिए बोला, लेकिन वो रायल्टी दिखा ही नहीं पाया। इसके बाद ड्राइवर मोबाइल पर बात करने लगा। मैं ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त कर पंचनामा बना रहा था तभी कार से तीन लोग आए और मेरे हाथ से पंचनामा छुड़ाकर फाड़ दिया और गालियां देने लगे। सिर पर लकड़ी मारी।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal