ग्वालियर
महाकौशल एक्सप्रेस में चित्रकूट से सफर कर रहे बांदा से बीजेपी के सांसद भैराे प्रसाद मिश्रा व टीटीई के बीच गनर सुनील कुमार का टिकट चेक करने पर विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। सांसद ने जहां रेलवे बोर्ड को टीटीई की शिकायत की है। वहीं टीटीई ने आगरा मंडल पहुंचकर डीसीएम को लिखित आवेदन देकर सांसद द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है। टीटीई ने सांसद पर मोबाइल छीनने के भी आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि सांसद की वीडियो रिकॉर्डिंग टीटीई कर रहे थे, जिस पर सांसद भड़क गए और उनके साथ यात्रा करने वाले ने टीटीई का मोबाइल छीन लिया।
टीटीई ने लिखित आवेदन में कहा है कि बेलाताल स्टेशन के पास ट्रेन के पहुंचने पर सेकंड एसी ए-1 की 22 नंबर सीट पर यात्रा कर रहे सांसद के गनर से टिकट दिखाने को कहा तो उसने कहा कि टिकट के बारे में मुझसे क्यों पूछ रहे हो। हमारे सांसद जी एचए-1 में सी कूपा में यात्रा कर रहे हैं, उनसे जाकर टिकट मांग लो। इस दौरान गनर ने सांसद से टीटीई वीके मिश्रा की बात करा दी। इस पर सांसद ने कहा कि मेरे कोच में चार्ट लेकर आओ अभी टिकट चेक करवा देता हूं। टीटीई अपने साथ सहायक टीटीई संजय सिंह को लेकर पहुंचे। इस दौरान टीटीई व सांसद के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर टीटीई ने झांसी कंट्रोल को सूचना दी। लेकिन जीआरपी झांसी स्टेशन में ट्रेन को अटेंड नहीं कर सकी। ग्वालियर स्टेशन में ट्रेन बुधवार को सुबह पहुंची। इस दौरान आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर वीके राय व जीआरपी के सब इंस्पेक्टर आरएन शर्मा पहुंच गए। टीटीई ने सांसद के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की बात जीआरपी के सब इंस्पेक्टर से कही। इस दौरान जीआरपी ने सांसद के कूपे का गेट खुलवाना चाहा लेकिन उन्होंने नहीं खोला, जिसके चलते जीआरपी प्रकरण दर्ज नहीं कर सकी। विवाद के चलते ग्वालियर स्टेशन पर 8 मिनट ट्रेन खड़ी रही।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal