ग्वालियर-शहर में पीले और बदबूदार पानी सप्लाई के मामले को कलेक्टर अनुराग चौधरी ने गंभीरता से लिया है। पानी पीला और बदबूदार क्यों सप्लाई हो रहा है, इसके कारणों को जानने के लिए कलेक्टर खुद मैदान में उतरे।

वे अपने साथ नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन के अलावा मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारियों को लेकर तिघरा और मोतीझील प्लांट पर पहुंचे। मोतीझील और तिघरा वाटर ट्रीटमेंट के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट में तिघरा से आने वाले पानी और फिर ट्रीटमेंट के बाद सप्लाई होने वाले पानी के सैंपल तीन दिन तक लिए जाएं। उसका परीक्षण तैयार कर रिपोर्ट जल्द दी जाए। कलेक्टर यहां के बाद शहर के उप नगर हजीरा क्षेत्र में पहुंचे। यहां लोगों से पानी की समस्या के बारे में पूछा।
पिछले एक महीने से शहर में पीले पानी की सप्लाई हो रही है। पीएचई के अफसरों की ढील के कारण शहर की जनता को पीला पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है।
पार्षद ने कहा- नहीं सुनते अफसर
अफसरों की टीम जब उप नगर हजीरा क्षेत्र में निरीक्षण करने पहुंची, तब वार्ड 11 के पार्षद जगदीश पटेल से कलेक्टर ने गंदे पानी की समस्या के बारे में पूछा। पार्षद ने कहा कि निगम के अफसर नहीं सुनते हैं। यहां पर पुरानी पानी की लाइन डली हुई है। जो कई बार लीकेज हो जाती है। इससे सीवर का पानी घरों में पहुंचता है। इसके साथ ही क्षेत्र की नालियों और नालों से पानी की लाइनें निकली हैं। इससे भी गंदा पानी पहुंचता है। इस पर अधीक्षण यंत्री आरएलएस मौर्य ने कहा कि 7-8 दिन में समस्या का निदान हो जाएगा।
डीडी नगर और शताब्दीपुरम में गंदा पानी
कलेक्टर और आयुक्त मोतीझील और तिघरा वाटर ट्रीटमेंट का निरीक्षण कर रहे थे। वहीं शहर के पॉश क्षेत्र दीनदयाल नगर और शताब्दीपुरम में सीवर युक्त पानी की सप्लाई हो रही थी। यहां के लोग गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई से परेशान हैं। डीडी नगर के बीएल सेक्टर में रहने वाले रामप्रकाश रजक और शताब्दीपुरम के ए-4 ब्लॉक में रहने वाले राधेश्याम शर्मा का कहना है कि सीवरयुक्त झाग वाला पानी सप्लाई हुआ है। ऐसे पानी को कैसे पिएं। इसकी शिकायत क्षेत्रवासियों ने विधायक मुन्नालाल गोयल से भी की है।
पानी की गुणवत्ता पर निगरानी रखें
कलेक्टर ने मोतीझील और तिघरा प्लांट पर पदस्थ अधिकारियों से कहा कि प्लांट पर 24 घंटे वरिष्ठ अधिकारी निगरानी रखें। मोतीझील के रिजरवायर में भी फव्वारे लगाने को कहा। कलेक्टर ने सब्जी मंडी मार्ग पर ठेलों के खड़े होने पर एसडीएम प्रदीप तोमर से कहा कि निगम के अधिकारियों के साथ बैठकर सब्जी मंडी मार्ग पर यातायात सुगम बनाने की प्लानिंग तैयार करें।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal