ग्वालियर-
सद्गुरु गजानन महाराज
व सद्गुरु साइर्नाथ महाराज के समकालीन ग्वालियर में जन्में संत भाऊ महाराज की 121 वीं पुण्यतिथि 16 मई को मनाई जाएगी। भाऊ साहब महाराज की तपस्या स्थली भी ग्वालियर स्थित निम्बाजी की खो रही है। भाऊ साहब को प्रतिदिन प्रसादी व पूजन सामग्री सिंधिया रियासत द्वारा पहुंचाई जाती थी। 16 मई को निम्बाजी की खो स्थित समाधिस्थल पर अभिषेक कर उत्सव का शुभारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम समन्वयक निशिकांत सुरंगे ने बताया कि भाऊ महाराज दलवी सद्गुरु गजानन महाराज एवं साइर्नाथ महाराज के समकालीन संत थे। उनका जन्म 1828 में ग्वालियर निवासी लाला साहेब दलवी के घर हुआ था। भाऊ महाराज ने जीवनभर दिगंबर स्वरूप में विचरण किया। उन्होंने अपनी साधना स्थली उस समय शहर से दूर निम्बाजी की खो स्थित एक एकांत गुफा बनाई, जहां 60 साल तक तपस्या की। उस समय तत्कालीन सिंधिया रियासत के महाराज जयाजीराव सिंधिया एवं महारानी चिमणाबाई भाऊ साहब के अनन्य भक्त थे। रियासत की ओर से भाऊ साहब को नियमित रूप से पूजन सामग्री एवं प्रसाद पहुंचाया जाता था। वहीं उनके एक और भक्त राजगायक पं. बालाभाऊ उमड़ेकर अपने गायन का रियाज भी पहाड़ी के नीचे ही किया करते थे। उन्होंने 4 मई 1898 की दोपहर को इस शरीर का त्याग किया। इसके बाद 1899 में समाधि मंदिर का निर्माण श्रीयुत अप्पाजी सुताजी अंकलीकर, सरदार शितौले द्वारा कराया गया। वहीं पहाड़ी पर स्थित समाधिस्थल तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का निर्माण कैलाश नारायण हक्सर ने 1899 में कराया। समाधिस्थल पर संकट मोचन हनुमान जी महाराज की स्थापना वाईकरमठ द्वारा 1903 में कराई गई।
आज अभिषेक के साथ मनाया जाएगा उत्सव
परमहंस भाऊ महाराज दलवी न्यास द्वारा गुरुवार को 16 मई को तपस्वी भाऊ महाराज की 121 की पुण्यतिथि मनाई जाएगी। पुण्यतिथि उत्सव का प्रारंभ सुबह 8.30 बजे निम्बाजी की खो जीवाजीगंज स्थित समाधिस्थल पर होगा। सुबह बाबा का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद 10.30 से 11.30 बजे तक सच्चिदानंद ढोलीबुआ महाराज की हरिकथा होगी। 17 मई को शाम 5 से 7 बजे तक गजानन महिला भजन मण्डल तथा गजानन भक्त मंडल द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। उत्सव के संयोजक अकोलकर एवं व्यवस्थापक प्रमुख शशिकांत आपटे व न्यास अध्यक्ष डॉ. महेश दलवी ने बताया कि शाम के सभी कार्यक्रम दत्त मंदिर विवेकानंद केन्द्र जीवाजीगंज में होंगे
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal