ग्वालियर
जिन्होंने अंचल में विकास औरनौजवानों के लिए रोजगार के दरवाजे बंद किए हैं आप भी उनके लिए अपने घर के दरवाजे बंद कर लो। यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को हजीरा के इंटक मैदान में पार्टी उम्मीदवार अशोक सिंह के समर्थन में आयोजित सभा में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी तो दो महीने में ही किसानों की कर्जमाफी के साथ परिदृश्य बदल गया है। अब आपको हमारे साथ मिलकर प्रदेश की तरह ही देश ( दिल्ली) का परिदृश्य बदलना है। उन्होंने कहा कि पार्टी उम्मीदवार के रूप में अशोकसिंह आपके सामने हैं। इन्होंने आपकी सेवा करने का वचन दिया है। 12 मई को आप सब इनका साथ देकर कांग्रेस को मजबूत बनाएं। सिंधिया ने कहा- ये कांग्रेसियों के साथ मिलकर काम करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अशोक सिंह से पूछा- क्यो भाई करोगे ना? इस पर अशोक सिंह ने हाथ जोड़कर स्वीकृति दी। सभा में मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मुन्नालाल गोयल, प्रवीण पाठक, रघुराज कंसाना, सुनील शर्मा, जिला अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा, पूर्वमंत्री भगवान सिंह यादव मंच पर थे।
सभा में श्री सिंधिया ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्षऔर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की न तो कोई नीति थी और न ही नीयत, इसके चलते ग्वालियर में कोई नया उद्योग लगना तो दूर, जो उद्योग पहले से चल रहे थे, वे भी बंद हो गए। इस सिलसिले में अपने पिता माधवराव सिंधिया का स्मरण करते हुए उनके प्रयासों से मालनपुरऔर बानमोर में स्थापित हुए उद्योगों का जिक्र किया और कहा कि मैं भले विपक्ष में गुना का सांसद रहा लेकिन ग्वालियर का विकास हमेशा मेरी प्राथमिकता में है और आखिरी सांस तक रहेगा।
कल आ रहे अतिथि का स्वागत करो और12 को विदाई कर दो
पीएम मोदी का नाम लिए बिना सिंधिया ने कहा- सुना है वे कल ग्वालियर आ रहे हैं। मेला मैदान में सभा है। ये मेरा शहर है। मेरा अनुरोध है- हमारी परंपरा अतिथि देवो भव: की है। आप सब कल उनका अतिथि के रूप में सत्कार करें। इसके बाद 12 मई को होने वाले मतदान में कांग्रेस का साथ देकर उन्हें अतिथि की तरह ही विदाई भी दें। सिंधिया ने कहा कि वे पिछली बार ग्वालियर आए थे तो उन्होंने मेरी दादी राजमाता विजयाराजे सिंधिया को याद किया था लेकिन उन्हें यह याद सिर्फ चुनाव के समय ही आती है।
सुबह घाटीगांव तो दोपहर को शहर के दक्षिण विस क्षेत्र में पहुंचे अशोक
कांग्रेस उम्मीदवार अशोक सिंह सुबह घाटीगांव के डांडाखिरक आैर आसपास के गांवों में मतदाताआें के बीच पहुंचे। जबकि दोपहर में उन्होंने शहर की ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लोगों से संपर्क किया। डांडा खिरक में श्री सिंह ने जहां जनसेवा का संकल्प दोहराते हुए लोगों से कांग्रेस का साथ देने का आग्रह किया। वहां मंत्री लाखन सिंह यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जैसे आपने मेरा साथ दिया, विकास के लिए उसी तरह लोकसभा चुनाव में अशोक सिंह का साथ दें। सभा में फूलसिंह बरैया ने कहा कि दलित शोषित वर्ग के हितों की चिंता कांग्रेस ही करती है। दोपहर में कई वरिष्ठ नेताआें के साथ श्री सिंह ने ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के कुछ इलाकों में जनसंपर्क किया।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal