ग्वालियर-
शराब कारोबारी का बेटा अवैध रूप से कार में बीयर की पेटियां रखकर तस्करी करने जा रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा है। कार से 10 पेटी बीयर बरामद हुई है। पुलिस ने यह कार्रवाई माधव प्लाजा चेकिंग प्वाइंट के पास की है। कार व बीयर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक काले रंग की कार क्रमांक एमपी07 सीई-6388 में अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा है। यह शराब कहीं ठिकाने लगाने ले जाई जा रही है। जिस पर पुलिस ने कार की घेराबंदी की। कार की लोकेशन रॉक्सीपुल पर मिली। वह माधव प्लाजा की ओर जाते हुए देखी गई। जिस पर आगे के सभी चेकिंग प्वाइंट पर अलर्ट कर दिया गया। माधव प्लाजा से गुब्बारा फाटक की तरफ रास्ते पर जाते समय चेकिंग प्वाइंट पर कार को रोक लिया गया। कार की तलाशी लेने पर 10 पेटी बीयर बरामद हुई है। जिसकी कीमत करीब 17 हजार रुपए बताई गई है। कार में सवार युवक की पहचान मनीष (29) पुत्र घनश्याम शिवहरे निवासी बजरंगगढ़ की पुलिया मस्जिद वाली गली सिकंदर कम्पू के रूप में हुई है। मनीष के पिता घनश्याम शिवहरे शराब का कारोबार करते हैं। कुछ साल पहले तक भारत टॉकीज के पास ब्लू स्टार नाम से उनका बार चलता था। शराब को वह कहां ले जा रहा था यह पूछताछ में इतना बताया है कि एक कस्टमर को देने जा रहा था। पर शराब के संबंध में कोई भी दस्तावेज वह नहीं दे सका है। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal