ग्वालियर .पुलिस कस्टडी से फरार आरोपी भीम सिंह यादव नहीं मिल रहा, पुलिस पार्टी पर हमला कर हत्या के आरोपी भीम सिंह यादव को फरार कराने का षड्यंत्र उसका फौजी भाई देवेंद्र सिंह आैर भानजा हरेंद्र सिंह 15 दिन पूर्व ही बना चुके थे। इसके लिए ये दोनों भोपाल में सिपाही सोनपाल से मिले थे और तब ही से विक्की को भोपाल में छोड़ा गया था। पुलिस ने हमले व फरारी के मामले में भाई व भानजे सहित 8 आरोपियों को चिह्नित कर लिया है उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एक संदेही को भिंड से पकड़ा गया है लेकिन पुलिस ने अभी उसकी पुष्टि नहीं की है।
एएसपी अमन सिंह ने बताया कि पूछताछ के लिए भोपाल से ग्वालियर लाए गए सोनपाल ने अपनी गलती कुबूल करते हुए बताया कि उसे दोस्ती में धोखा देकर हरेंद्र ने इस्तेमाल किया। सोनपाल ने पुलिस को बताया कि लगभग 15 दिन पूर्व हरेंद्र यादव, देवेंद्र सिंह को लेकर भोपाल पहुंचा था और उसने देवेंद्र का परिचय कराते हुए भीम सिंह की पेशी के दौरान उसकी मदद करते रहने को कहा था। सोनपाल मुरार स्थित घोसीपुरा का रहने वाला है
सोनपाल का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस इसकी तस्दीक कर रही है। बताया यह भी गया है कि सोनपाल भीम सिंह की पहले भी पेशी के दौरान मदद करता रहा है, लेकिन वह इस आरोप से इनकार कर रहा है। पुलिस उसके बयान व षड्यंत्र में शामिल होने के संदेह पर जांच कर रही है। पुलिस को इस बात की चिंता भी है कि बदमाश के साथी पुलिस से जो दो इनसास लूटकर ले गए हैं, वे किसी संगठित गिरोह के हाथ न लग जाएं। हथियारों को बरामद करने के लिए पुलिस ने अपने मुखबिरों सहित उत्तरप्रदेश के इटावा जिले के समाज के प्रतिनिधियों के भी संपर्क में है।
प्रमोद ट्रेन से भोपाल गया था लश्कर से वापस आया : घटना के बाद सिपाही प्रमोद गायब हो गया था उससे संपर्क भी नहीं हो रहा था इसलिए समझा गया कि उसका अपहरण हो गया। सुबह प्रमोद ने फोन पर साथी से संपर्क किया और फिर वह लश्कर एक्सप्रेस से वापस आ गया। एसपी नवनीत भसीन ने बताया कि प्रमोद के बयान की तस्दीक कर ली है और सोनपाल के बयान की तस्दीक की जा रही है।
1 संदेही पकड़ा, पुलिस यूपी पहुंची : फरार हत्यारोपी भीम यादव व उसे छुड़ाने वाले हमलावरों की तलाश में पुलिस उसके भानजे हरेंद्र सहित उप्र के आवासपुरा में रहने वाले भीम के साले अवनीश की तलाश में पुलिस पार्टी यूपी भेजी गई है। पता चला है कि पुलिस की एक टीम ने भीम के साथी भानू यादव को राउंडअप किया है।
रंजीत यादव व विकास लहारिया की तलाश में भिंड व यूपी में दबिश दी गई है। रंजीत व विकास हाल में भिंड में हुए गोलीकांड में फरार इनामी बदमाश हैं। बड़ागांव व आसपास के गांवों में भी बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal