विधायक व पुलिस अधीक्षक ने जागरूकता रैली को किया संबोधित

बढ़ता कारवां (BK NEWS) सिंगरौली (जमुना सोनी) बैढ़न मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत आज जिला सिंगरौली में अभियान का प्रभावी शुभारंभ किया गया। राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में आयोजित जागरूकता रैली में विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह एवं पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. की गरिमामयी उपस्थिति में विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया।

वही कार्यक्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। जागरूकता रैली के माध्यम से समाज में यह संदेश दिया गया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है तथा इससे दूर रहकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
उक्त अवसर पर विधायक रामनिवास शाह ने अपने संबोधन में कहा कि – नशा समाज और परिवार दोनों को खोखला कर देता है। नशे के कारण सामाजिक कुरीतियाँ, अपराध, पारिवारिक विघटन एवं सांस्कृतिक मूल्यों का ह्रास होता है और उन्होंने कहा कि “नशा, नाश की जड़ है”, इसलिए प्रत्येक नागरिक विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिये और वही कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलायी ।
वही पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम.ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुये “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान की विस्तृत जानकारी दी और उन्होंने कहा कि जीवन में यदि किसी चीज़ का जुनून होना चाहिए तो वह शिक्षा, खेल, कला, नवाचार और सकारात्मक रुचियों का होना चाहिये न कि मादक पदार्थों का और उन्होंने बताया कि नशा धीरे-धीरे व्यक्ति के विचार, निर्णय क्षमता और जीवन पर नियंत्रण स्थापित कर देता है, जिससे उसका भविष्य, परिवार और सपने सभी खतरे में पड़ जाते हैं और उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों और परिवार को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
उक्त कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमन्त कुमार, थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, थाना प्रभारी नवानगर राकेश साहू, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, साइबर सेल प्रभारी पवन सिंह, सूबेदार आशीष तिवारी, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलेभर के थाना क्षेत्रों में भी चला जनजागरूकता अभियान
मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये ।
थाना गढ़वा पुलिस द्वारा घोघरा बाजार में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 100 नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना चितरंगी पुलिस द्वारा ग्राम धवई में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 200 ग्रामीण महिला, पुरुष एवं युवाओं को मध्यप्रदेश पुलिस के नशामुक्ति अभियान की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त चितरंगी बाजार में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 50 नागरिकों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया।
थाना नवानगर पुलिस द्वारा निगाही गेट के सामने जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा सभी को नशा न करने की शपथ दिलाई गई।
सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करें तथा नशामुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ सिंगरौली के निर्माण में सहभागी बनें।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal