
पीएम आवास की जियो टैगिंग, स्वच्छता, पेयजल गुणवत्ता एवं वर्षाकालीन व्यवस्थाओं की नगर निगम आयुक्त ने की समीक्षा
बढ़ता कारवां (BK NEWS)सिंगरौली (जमुना सोनी) बैढ़न नगर पालिक निगम सिंगरौली आयुक्त सविता प्रधान ने निगम अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ।
बैठक में आयुक्त ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में किया जाए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ।
आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की जियो टैगिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि योजना से संबंधित सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण हों, ताकि हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। बैठक में वर्षाकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर की सड़कों पर कहीं भी निर्माण सामग्री अथवा अन्य अपशिष्ट पड़ा हो, तो उसे तत्काल हटाया जाए, जिससे यातायात बाधित न हो तथा नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने निगम के सभी सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियों को वर्षा ऋतु के दौरान अपने-अपने वार्डों का नियमित भ्रमण कर जलभराव, सड़क, नाली एवं अन्य अधोसंरचनात्मक समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ।
आयुक्त ने राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुये कहा कि परिसर की स्वच्छता एवं आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर किए जाएं। उन्होंने रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए रात्रिकालीन चौकीदारों की नियमित एवं प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने निगम के कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुये निर्देश दिये कि कंट्रोल रूम का दूरभाष 24×7 संचालित रहे तथा प्रत्येक कॉल का तत्काल रिस्पॉन्स दिया जाये, जिससे नागरिकों की शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।आयुक्त ने न्यायालय परिसर के सामने नागरिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुरुष एवं महिला शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये और वही इसके साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि पेयजल की गुणवत्ता बनाये रखने के लिये सभी वार्डों में नियमित रूप से पानी के नमूने लेकर उनकी जांच करायी जाये तथा आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाये ।
उक्त बैठक में सहायक आयुक्त ज्योति सिंह,स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी सहित समस्त उपयंत्री उपस्थित रहे।
www.badhtakarwan.com
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal