
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों को किया तैनात
बढ़ता कारवां (BK NEWS) सिंगरौली (जमुना सोनी) बैढ़न आगामी 26 जून को आयोजित होने वाले मोहर्रम त्योहार के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिये जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गयी हैं और वही त्योहार के दौरान भीड़-भाड़ होने और संवेदनशील स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों के एकत्रित होने की संभावना को देखते हुये कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट गौरव बैनल ने पूरे जिले में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त रूप से विशेष ड्यूटी लगाने के आदेश जारी किये हैं।
इस दौरान कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये संपूर्ण सिंगरौली जिला क्षेत्र के लिये अपर जिला मजिस्ट्रेट पी.एस. त्रिपाठी को और पुलिस स्तर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा को जिम्मेदारी सौंपी गयी हैऔर इसके साथ ही सम्पूर्ण अनुभाग सिंगरौली में उपखण्ड मजिस्ट्रेट सुरेश जादव एवं नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति, सम्पूर्ण अनुभाग माड़ा में उपखण्ड मजिस्ट्रेट नंदन तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रोशनी कुर्मी, सम्पूर्ण अनुभाग देवसर में उपखण्ड मजिस्ट्रेट सौरभ मिश्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गायत्री तिवारी तथा सम्पूर्ण अनुभाग चितरंगी में उपखण्ड मजिस्ट्रेट देवेन्द्र द्विवेदी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राहुल सैयाम कानून-व्यवस्था का मोर्चा संभालेंगे और इसके अतिरिक्त वैढ़न, विन्ध्यनगर, नवानगर, मोरवा, सरई, बरगवां, जियावन और गढ़वा सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के संपूर्ण इलाकों में संबंधित तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों को प्रभारी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तथा थाना प्रभारियों व निरीक्षकों को मुस्तैद किया गया है।
कलेक्टर शगौरव बेनल द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सभी नियुक्त कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी 26 जून, 2026 को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। वे आपस में निरंतर समन्वय स्थापित कर स्थिति पर पैनी नजर रखेंगे तथा कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक एवं त्वरित वैधानिक कार्यवाही करेंगे और इसके साथ ही कानून-व्यवस्था से जुड़ी हर छोटी-बड़ी गतिविधि और स्थिति की रिपोर्ट समय-समय पर संबंधित एसडीएम और अपर जिला मजिस्ट्रेट सिंगरौली को भेजना अनिवार्य किया गया है।
वही आदेश में यह भी उल्लेख है कि सभी उपखण्ड मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगा सकेंगे। समस्त उपखण्ड मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिये नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे ताकि त्यौहार गरिमापूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
www.badhtakarwan.com
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal