कुलदीप सिंह (सन्नी)

BK-NEWS/सिंगरौली/मोरवा:- मोरवा रेलवे कॉलोनी में 14 अप्रैल। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सिंगरौली जिले के मोरवा क्षेत्र में भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की तैयारियां सुबह से ही शुरू हो गई थीं। शाम 7 बजे राष्ट्रगान के साथ आयोजन का शुभारंभ हुआ। इसके बाद केक काटकर जयंती मनाई गई तथा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्ष, विचारधारा और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
दोपहर में निकली भव्य रैली
जयंती के उपलक्ष्य में दोपहर 3 बजे लोको कॉलोनी, मोरवा से एक विशाल रैली निकाली गई। यह रैली रेलवे कॉलोनी होते हुए बाबा साहब स्मृति स्मारक प्रांगण तक पहुंची। रैली में युवा, महिलाएं, बच्चे, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे मार्ग में बाबा साहब के जयकारों और सामाजिक एकता के संदेश गूंजते रहे।
विधायक राम निवास शाह और महापौर रानी अग्रवाल रहीं मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामनिवास साह एवं महापौर रानी अग्रवाल उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में बाबा साहब के विचारों को अपनाने और समाज में समानता, शिक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
महाभंडारे का हुआ आयोजन
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों के लिए महाभंडारे (सामूहिक भोजन) का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन की जिम्मेदारी और सहभागिता
इस आयोजन का संचालन ऑल इंडिया रेलवे SC/ST एम्प्लॉइज एसोसिएशन, पूर्व मध्य रेलवे सिंगरौली शाखा के सदस्यों द्वारा किया गया।
कमेटी में अध्यक्ष वकील रजक, सचिव सौरभ सुमन, कोषाध्यक्ष कपिलदेव मंडल, उपाध्यक्ष मनोज कुमार एवं यज्ञ लाल हरिजन, सहायक सचिव उदय कुमार और निवास सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इसके अलावा मोरवा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शेखर सिंह, नरेंद्र चंद सिंह, राजेश सिंह, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष सोनू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा मिठाइयां वितरित कीं।
इस आयोजन के माध्यम से पूरे क्षेत्र में सामाजिक एकता, समरसता और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal