
सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 112 प्रकरण दर्ज किए हैं और कुल 585 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इस अभियान में 112 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
यह विशेष अभियान 28 मार्च 2026 को गौरव राजपूत (पुलिस महानिरीक्षक, रीवा जोन) एवं हेमंत चौहान (पुलिस उप महानिरीक्षक, रीवा क्षेत्र) के निर्देशन तथा मनीष खत्री (पुलिस अधीक्षक) और सर्वप्रिय सिन्हा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) के मार्गदर्शन में चलाया गया।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सघन कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने दबिश देकर विभिन्न स्थानों से 126 लीटर देशी शराब, 12 लीटर विदेशी शराब और 447 लीटर कच्ची (हाथ भट्ठी) शराब जब्त की। जब्त शराब की कुल मात्रा 585 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 1,04,545 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान सरई, लंघाडोल, बैढ़न, बरगवां, माड़ा, मोरवा और नवानगर थाना क्षेत्रों में विशेष सफलता मिली। पुलिस टीमों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार दबिश देकर अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब के खिलाफ इसी प्रकार निरंतर अभियान चलाया जाए और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में अवैध पैकारी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal