
बढ़ता कारवाँ/सिंगरौली (जमुना सोनी) बैढन देश की मिनी रत्न कंपनी एनसीएल में फिटर व डील ऑपरेटर के पद पर स्थायी नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लोगों से तकरीबन 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले मुख्य सरगना सहित 4 लोगों को गिरफ्तार करने में मोरवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
मोरवा पुलिस ने जहाँ दबिश दे मुख्य सरगना सौरभ सिंह सहित दो को रीवा व सीधी से गिरफ्तार किया है और वहीं ठगी में शामिल एनसीएल कर्मी सहित दो को दुधिचुआ व अनपरा से गिरफ्तार किया गया ।
उक्ताशय का खुलासा एसपी सिंगरौली बीरेंद्र कुमार सिंह ने पत्रकारों के समक्ष किया और इस दौरान एएसपी अनिल कुमार सोनकर, एसडीओपी मोरवा राजीव पाठक, बैढन टीआई अरुण कुमार पाण्डेय मौजूद रहे ।
एसपी श्री सिंह ने आगे बताया कि ठगी के शिकार फरियादी भागवत प्रसाद वर्मा निवासी एनसीएल कालोनी ने मोरवा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराकर बताया था कि तीन माह पूर्व उसकी मुलाकात मुख्य सरगना सौरभ सिंह निवासी रीवा से हुई थी जिसने बताया था कि वह दुद्धिचुआ परियोजना में नौकरी करता है और उसकी बड़े-बड़े अधिकारियों से अच्छी जान पहचान है और परिचय के दौरान फरियादी ने अपने पुत्र द्वारा एनसीएल में फॉर्म भरने की बात बतायी थी और जिसके बाद आरोपी सौरभ सिंह ने बड़ी चतुराई से फरियादी को अपने बातों के भंवरजाल में फंसाया और कहा कि 8 से 10 लाख रुपये लगेंगे जिसके बाद तुरंत नौकरी लग जायेगी और आरोपी की बातो में आकर फरियादी ने 7 लाख रुपये नगद दे दिया जिसके बाद ठग गिरोह में शामिल मुख्य सरगना सहित अन्य लोगों ने बड़ी सफाई से फर्जी लेटर पैड पर शील मुहर लगाकर आवेदक सौरभ वर्मा व प्रदीप पनिका को 14 जनवरी 2021 की तारीख का ज्वाईनिंग लेटर दे दिया और इतना ही नही ज्वाईनिंग लेटर के साथ बकायदे क्वार्टर एलाटमेंट व मेडिकल कार्ड इत्यादि भी दे दिया था और जिसे देख किसी को भी भरोसा हो जायेगा कि यह ज्वाईनिंग नकली नही बल्कि असली है इधर जब दोनों आवेदक निर्धारित तिथि पर जब एनसीएल में ज्वाइन करने गये तो वहां के जिम्मेदार लोगों ने बताया कि यह ज्वाईनिंग लेटर फर्जी है जिसको सुनने के बाद आवेदको के पैर से मानो जमीन खिसक गयी है ।
ठगी आरोपी लंबे समय से ठगी को व्यवसाय के तरह अंजाम देने में मुख्य सरगना सौरभ सिंह निवासी बरहदी रीवा के साथ अनिल सिंह निवासी सीधी, एनसीएल कर्मी रविंदर सिंह निवासी दुधिचुआ व बृजेश भारद्वाज निवासी अनपरा सोनभद्र (उ.प्र.) के शामिल रहे हैं।
बैढन – विन्ध्यनगर व मोरवा थाना क्षेत्र में नौकरी के नाम पर की ठगी
एसपी श्री सिंह ने बताया कि गिरफ्तार उक्त नटवरलाल गिरोह आदतन अपराधी है और लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे ठगी करने का काम करते है और वही बताया कि विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदावल निवासी कृष्णा साकेत को एनसीएल में नौकरी दिलाने दिनांक 15 मार्च 2020 को लाखो रुपये ठग लिया और इसके अलावा बैढन थाना क्षेत्र निवासी दिनेश कुमार से गत माह दिनांक 5 जनवरी 2021 को लाखों रुपये ऐंठे और पूछताछ में आरोपियों ने सभी लोगों से ठगी का गुनाह स्वीकार किया और बताया गया कि आरोपी सौरभ सिंह को कोतवाली पुलिस ने 2018 में नौकरी के नाम पर ठगी करने के आरोप में एक वर्ष के लिए जेल भी भेजा था जहाँ से एक वर्ष की सजा भुगतने के बाद सुधरने के बजाय पुन: अपने पुराने काम मे लग गया और अन्य साथियों के साथ मिलकर दोबारा ठगी करने लगा ।
उक्त कार्यवाही व आरोपियों को गिरफ्तारी करने में एसआई सरनाम सिंह, एएसआई साहबलाल सिंह, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, अरविंद चतुर्वेदी, राजवर्धन सिंह, आरक्षक राहुल सिंह, संजय सिंह की अहम भूमिका रही ।
www.badhtakarwan.com
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal