ग्वालियर
ग्वालियर आइजी पुलिस अविनाश शर्मा ने यूनिवर्सिटी व झांसी रोड थाने का औचक निरीक्षण किया। आइजी ने कोविड-19 के संक्रमण से स्टाफ को बचाने के समूचित प्रबंध करने के निर्देश देते हुए हेडमोहर्रिर से पूछा क्या संतरी एक ही रायफल से पहरा करते हैं, जिसका उन्होंने हां में जवाब दिया। इस पर आइजी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बदली होने पर जवानों को अलग-अलग रायफल दें और उसे सैनिटाइज भी करें। संतरी मास्क लगाने के साथ उसके पास सैनिटाइजर भी होना चाहिए। इस बात का भी ध्यान रखें कि थाने में कोई भी व्यक्ति बगैर मास्क के प्रवेश नहीं करे। अधिकारी व जवान भी एक-दूसरे से बात करते समय मास्क लगाकर रखें। थाने में आने वाले व्यक्ति के हाथ सैनिटाइज कराएं। आइजी ने लंबित अपराधों और शिकायतों का निराकरण समय पर करने के निर्देश दिए। आइजी अविनाश शर्मा सुबह सबसे पहले एएसपी सुमन गुर्जर के साथ यूनिवर्सिटी थाने पहुंचे। यहां उन्होंने थाने में कोरोना संक्रमण से बचने के लिए की जा रहीं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि अधिकारी व जवान अपनी जेब में सैनिटाइजर रखें और थोड़ी-थोड़ी देर में हाथों को सैनिटाइज करते रहें।
लंबित प्रकरण, वारंटों के संबंध में टीआई से जानकारी ली
आइजी ने यूनिवर्सिटी थाने के टीआइ रामनरेश यादव व झांसी रोड थाना प्रभारी से लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धोखाधड़ी के अपराधों को वर्गीकृत करें। जमीन, बैंकों, साइबर फ्रॉड व चिटफंड संबंधी धोखाधड़ी को अलग-अलग कर, उनका निराकरण प्राथमिकता से कराएं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के कारण जिन वारंटियों की धरपकड़ नहीं हो पाई है उनको पकड़ने के लिए टीमें गठित करें। साथ ही महिला संबंधी अपराधों का निराकरण प्राथमकिता से करें। आइजी ने कहा कि शिकायत का निराकरण थाना स्तर पर हो जाना चाहिए। ताकि पीड़ित सीएसपी, एएसपी व एसपी तक शिकायत लेकर नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर शिकायत का निराकरण नहीं होने पर ही पीड़ित अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर होता है। अधिकारी भी पीड़ित को थाने भेजते हैं, इसलिए पहले ही पीड़ित की शिकायत का निराकरण कर दें। अभी समझाइश दी जा रही है, सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal