ग्वालियर-कोरोना संक्रमण काल में भाजपा को 3 दिवसीय सदस्यता अभियान की अनुमति देकर कलेक्टर व एसपी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय की गाइडलाइन का उल्लंघन किया है। कांग्रेस मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने सोमवार की दोपहर कलेक्टर व एसपी के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने पड़ाव थाने में एएसपी सतेंद्र सिंह तोमर को लिखित आवेदन दिया है। केके मिश्रा ने बताया कि पड़ाव थाने के अलावा गोला का मंदिर, झांसी रोड व यूनिवर्सिटी थाने का आवेदन भी एएसपी ने वहीं स्वीकार कर उसकी पावती दी है। एएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर 36 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस एफआइआर दर्ज कराने के लिए हाई कोर्ट में दस्तक देने के लिए बाध्य होगी। वहीं भाजपा के दबाव में काम कर रहे कलेक्टर व एसपी को उपचुनाव से पहले हटाने के लिए चुनाव आयोग से भी कांग्रेस ने मांग की है।
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन ने सत्ताधारी दल के दबाव में आकर कोरोना संक्रमण काल में भाजपा को सदस्यता अभियान के लिए पंडालों में भीड़ जुटाने की इजाजत दे दी, जबकि केंद्रीय गृह मंत्रालय की गाइड लाइन के अनुसार सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक, खेलकूद के कार्यक्रमों पर पाबंदी है। गाइडलाइन में पाबंदी 31 अगस्त तक है, लेकिन कलेक्टर ने 14 जुलाई के बाद इन पाबंदियों को 31 अगस्त तक जारी रखने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। इससे साफ है कि कलेक्टर व एसपी भाजपा के दबाव में काम कर रहे हैं। दोनों अधिकारियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के लिए एएसपी सतेंद्र सिंह तोमर को आवेदन दिया है। इस मौके पर शहर जिला कांग्रेस प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा व कांग्रेस के विधि विशेषज्ञ भी मौजूद थे।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal