ग्वालियर-
नगर और संभाग में कोरोना संक्रमित एवं संदिग्ध मरीजों को आपात स्थिति में मदद मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा स्मार्ट सिटी के एकीकृत कमाण्ड एवं कंट्रोल सेंटर में स्थापित विशेष फोन नम्बर मददगार बन रहा है। 13 जुलाई को स्मार्ट सिटी के कमाण्ड सेंटर द्वारा आपात स्थिति में मदद के लिए 07512646609 नम्बर जारी किया गया था। इस नम्बर के माध्यम से अब तक 713 लोग मदद प्राप्त कर चुके हैं। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने गुरूवार को स्मार्ट सिटी के कमाण्ड सेंटर पहुंचकर यहां कोविड 19 नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाई का जायजा लिया। साथ ही आपातकालीन एवं हेल्पलाइन नम्बर पर मदद के लिए आए फोन कॉल व सूचनाओं के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कमाण्ड सेंटर में आने वाले हर फोन को संजीदगी से सुनें। साथ ही फोन करने वाले व्यक्ति की समस्या का समाधान भी कराएं। उन्होंने कमांड सेंटर की प्रक्रिया भी विस्तारपूर्वक समझी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर आशीष तिवारी एवं स्मार्ट सिटी की सीईओ जयति सिंह मौजूद थीं। स्मार्ट सिटी के कमाण्ड सेंटर द्वारा जारी किए गए आपातकालीन नम्बर पर बीते रोज सुरूचि होटल में क्वारंटाइन एक मरीज द्वारा मदद की गुहार की गई। स्मार्ट सिटी की सीईओ ने तत्काल मेडीकल टीम भेजकर उस मरीज की चिकित्सा का इंतजाम कराया। इसी तरह अन्य मरीजों की मदद इस आपातकालीन नम्बर की वजह से संभव हो सकी है। ज्ञात हो कोविड19 संक्रमण पर नियंत्रण के उदेश्य से स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर में 4 अन्य हेल्पलाइन नम्बर 07512646605, 2646606, 2646607 एवं 2646608 व एक वॉट्सएप चिकित्सकीय परामर्श नम्बर 7089003193 भी संचालित है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal