ग्वालियर- भोपाल से ग्वालियर लौटते ही ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंहतोमर तड़के तीन बजे तानसेन नगर जोन पर पहुंच गए और रात्रि में आने वाली शिकायतों के बारे में पूछताछ कर डाली। फ्यूज आॅफ कॉल रजिस्टर भी देखा। मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को आने वाली परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार तड़के 3 बजे तानसेन नगर जोन ग्वालियर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जोन कार्यालय में उपभोक्ता शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था को देखा और प्राप्त/निराकृत शिकायतों की समीक्षा की। श्री तोमर ने जोन कार्यालय में संधारित फ्यूज आॅफ काल (एफओसी) रजिस्टर में दर्ज विद्युत शिकायतों को देखा और अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को घोषित अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति राज्य शासन की प्राथमिकता है इसलिए आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित निराकरण समय-सीमा में किया जाए जिससे उपभोक्ता शिकायतें लंबित न हों और उपभोक्ताओं से अच्छा व्यवहार किया जाए जिससे उपभोक्ता संतोष में वृद्धि हो। श्री तोमर ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि जोन कार्यालय में आने वाली सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाये। उन्होंने कहा कि वे किसी भी समय यहाँ पहुँचकर बिजली उपभोक्ताओं से उनकी समस्याओं के संबंध में फीडबैक ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि समस्याओं के निराकरण की अवधि को और कम किया जाये। श्री तोमर ने कहा कि समस्याओं के निराकरण में लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
बंगले में शिकायत निवारण की प्रभावी व्यवस्था
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के ग्वालियर स्थित बंगले में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए उनकी विद्युत संबंधी शिकायतों के निराकरण की प्रभावी व्यवस्था की गई है। श्री तोमर ने ग्वालियर स्थित बंगले में कार्यरत अधिकारियों/कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं को किसी भी हालत में विद्युत संबंधी समस्या होने पर परेशान न होना पड़े इसलिए उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता सेवा सर्वोपरि है और राज्य शासन उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने विद्युत उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि विद्युत संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे निकटतम जोन/वितरण केन्द्र जाकर अपनी शिकायतों का निराकरण कराएं साथ ही ग्वालियर स्थित बंगले में पहॅुंचकर भी अपनी शिकायतों का निराकरण करा सकते हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal