ग्वालियर-
पूरे एक सप्ताह चले कर्फ्यू (टोटल लॉकडाउन) के बाद बुधवार 22 जुलाई से सभी बाजार पहले की तरह खुलेंगे। लॉकडाउन से संक्रमण कुछ कम हुआ है। इस दौरान कारोबारियों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन ने एक घंटे की अतिरिक्त छूट दी है। अब बाजार रात 8 बजे तक खुल सकेंगे। साथ ही जिले से बाहर आने-जाने के लिए ई-पास की बाध्यिता भी खत्म कर दी है। गैस सप्लाई, होटल में मेहमानों का रुकना, ऑटो-टेंपो, अस्पताल, दवा दुकानें, पेट्रोल पंप आदि भी पहले की संचालित होंगे। दूसरी तरफ रविवार को फिर लॉक डाउन रहेगा। मंगलवार को क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक होनी थी पर राज्यपाल लालजी टंडन के निधन के कारण इसे टाल दिया गया। बैठक के लिए पहुंचे कुछ चुनिंदा सदस्यों के साथ एडीएम किशोर कन्याल ने बात की पर अगले लॉक डाउन को लेकर निर्णय नहीं हो सका है।
दो दिन का हो सकता है लॉक डाउन
पूरे प्रदेश में सरकार ने रविवार को लॉकडाउन घोषित किया है। एक दिन पहले वीसी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर सहित अधिक संक्रमण वाले जिलों में दो दिन के लॉक डाउन की छूट दी है। दूसरा दिन शनिवार होगा या फिर सोमवार यह निर्णय क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप लेगा। मंगलवार को स्थगित बैठक शुक्रवार को होने की उम्मीद है।
अपर कलेक्टरों को जिम्मा, ऑक्सीमीटर बांटे
शहरी क्षेत्र में मुरार केंटोनमेंट सहित कुल 26 इंसीडेंट कमांडर नियुक्त हैं। लंबे समय से इन्हें कोरोना संक्रमण रोकने में दिक्कत आ रही है। इसी कारण चारों अपर कलेक्टरों को मॉनिटरिंग सौंपी गई है। मरीजों की पहचान के लिए ही सभी को 200 पल्स-ऑक्सीमीटर बांटे जा रहे हैं।
मरीज बढ़े तो फिर लगाना पड़ेगा कर्फ्यू बुधवार से बाजार सामान्य दिनों की तरह खुलेंगे। रात 8 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। शहर के लोगों से आग्रह है कि सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ न लगाएं। यदि संक्रमितों की संख्या बढ़ी तो फिर कर्फ्यू लगाना पड़ेगा। -कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal