डबरा।
सराफा बाजार निवासी भाजपा नेता सहित दो लोगों के कोरोना संक्रमित होने के बाद भी प्रशासन उस तरह की कार्रवाई नहीं कर सका, जिस तरह की कार्रवाई अन्य कोरोना संक्रमितों के निकलने के बाद की गई। कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद दूसरे दिन यानी गुरुवार को उनकी दुकानें रोजाना की तरह खुल गई थीं। इतना ही नहीं कोरोना पॉजिटिवों के जिन परिवारजनों को होम क्वारंटाइन कराया था, वह खुले में घूमते दिखे। प्रशासन की ओर से इस तरह की ढील और कोरोना को नजर अंदाज करने वालों का रवैया शहर पर भारी पड़ सकता है। कोरोना संक्रमित पाए गए भाजपा नेता के परिवारजनों की जब दुकानें खुली, तो इसका विरोध स्थानीय व्यापारियों ने भी किया और कहा कि कोरोना की गंभीरता को देखते हुए ये सब ठीक नहीं है। ऐसी स्थिति में बाजार को बंद कर दिया जाना चाहिए। जब मीडिया मौके का कवरेज करने पहुंची तब दुकानदारों ने दुकानें बंद कर लीं।
बाद में एसडीएम राघवेंद्र पांडेय, एसडीओपी उमेश सिंह तोमर, तहसीलदार नवनीत शर्मा और नगर पालिका सीएमओ प्रदीप सिंह तोमर आदि मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। जांच के बाद एसडीएम राघवेंद्र पांडेय ने दुकानों के सामने सहित तय क्षेत्र में बेरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। गौरलतब है कि कोरोना को लेकर जिले में पहले से ही गंभीर हालात है।
आज 70 लोगों की जांच करने लगेगा कैंप
दो दिन पहले भाजपा नेता सहित चार कोरोना पॉजिटिवों की कॉन्टेक्ट हिस्ट्री में करीब 70 लोग सामने आए हैं। इनमें 30 लोग ऐसे हैं जो भाजपा नेता की कॉन्टेक्ट हिस्ट्री से जुड़े हैं। इन सभी की जांच कराने के लिए प्रशासन शुक्रवार को संत कंवरराम स्कूल में कैंप लगवाएगा। इसमें इनकी जांच कराई जाएगी। सूत्रों के अनुसार भाजपा नेता को कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद उनको सिंधी धर्मशाला में आइसोलेट किया गया है, जबकि शहर में प्रशासन ने ऊषा कॉलोनी में कोविड सेंटर बनाया है। वहां पूर्व में संक्रमित निकले मरीजों को भर्ती कराया है। अब एक केस अगर सिंधी धर्मशाला में रहेगा, तो उसके लिए अलग से व्यवस्था प्रशासन को करनी होगी।
बॉक्स
यहां कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित, सराफे में ढील
कुछ दिन पहले एक महिला के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उसके घर के पास का एरिया कंटेनमेंट घोषित किया था। इसमें कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के नियमों के तहत चारों तरफ की सीमाएं निर्धारित कर एरिया प्रतिबंधि किया गया, जो अभी भी बंद है। लेकिन सराफा बाजार में एक साथ दो केस आने के बाद भी सिर्फ बेरिकेडिंग कराई गई है। प्रशासन की इस दोहरी कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
दुकान को बंद करा दिया है। जिसे लेकर विधिवत कार्रवाई की जाएगी। इनसे जुड़ी कॉन्टेक्ट हिस्ट्री निकाली जा रही है, जो लोग सामने आएंगे उनकी जांच कराई जाएगी।
-राघवेंद्र पांडेय, एसडीएम, डबरा।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal