ग्वालियर-जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर संगठन से नाराज चल रहे पूर्व साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह ने गुरुवार को भोपाल में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ से मुलाकात की। जयसिंह व कमल नाथ की मुलाकात से ग्वालियर पूर्व का सियासी माहौल गरमा गया है। इस मुलाकात के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा व अन्य नेताओं ने जयसिंह से उनका रुख जानने के लिए संपर्क किया है। जयसिंह पूर्व सीएम कमल नाथ से मुलाकात करने की बात स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस में जाने से इनकार कर रहे हैं। जयसिंह केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के नजदीकी माने जाते हैं।
जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी की नियुक्ति को लेकर जयसिंह कुशवाह व पूर्व जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा खुलकर विरोध कर रहे हैं। अध्यक्ष की नियुक्ति का फैसला बदले जाने तक पार्टी के किसी कार्यक्रम में भाग नहीं लेने का ऐलान कर चुके हैं। जयसिंह व देवेश को मनाने के लिए पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन भी उनके निवास पर संवाद कर चुके हैं, लेकिन अब तक संगठन ने उनकी मांग को गंभीरता से नहीं लिया है । जयसिंह व देवेश की टीम ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का जन्मदिन मनाकर शक्ति प्रदर्शन भी किया था। भाजपा के पितृ पुरुष डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धाजंलि अर्पित करने के लिए अपनी टीम के साथ अलग से गए थे।
कमल नाथ ने जयसिंह को 30 मिनट का समय दिया-
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ से जयसिंह कुशवाह ने भोपाल में मुलाकात की। यह मुलाकात गुरुवार की सुबह 10 बजे हुई। कमल नाथ ने एकांत में जयसिंह से चर्चा करने के लिए 30 मिनट का समय दिया था। कमल नाथ से चर्चा करने के बाद जयसिंह अभी भोपाल में ही जमे हैं।
सौजन्य भेंट थी कमल नाथ से-
जयसिंह कुशवाह ने मुलाकात की बात स्वीकार करते हुए कहा कि वह कमल नाथ से पहली बार नहीं मिले हैं। इससे पहले भी मिल चुके हैं। 30 मिनट की चर्चा के दौरान राजनीति पर भी चर्चा हुई है। लोग इस मुलाकात का कुछ भी कयास लगाएं, लेकिन उनका कांग्रेस में जाने का कोई इरादा नहीं है। यह सौजन्य भेंट थी।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal