ग्वालियर -पेट्रोल पंप के पीछे साडा रोड परमिले विवाहिता के अधजले शव की दूसरे दिन भी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस को शादी के समय मंगलसूत्र के साथ गले में पहनी जाने वाली सोने की बीजासन की पुतली मृतका के गले से मिली है। पुलिस इसी से मृतका के शव की पहचान करने का प्रयास कर रही है। शुरूआती जांच से यह बात साफ हो गई है कि विवाहिता की अन्य किसी स्थान पर गला दबाकर हत्या की गई है और शव को यहां ठिकाने लगाया गया है। हत्यारों ने मृतका की पहचान छिपाने के लिए विवाहिता का चेहरा जला दिया है। हत्यारे इस बात से वाकिफ हैं कि मृतका की पहचान होने के साथ ही पुलिस उन तक आसानी से पहुंच जाएगी।
पुरानी छावनी थाना टीआई राजीव गुप्ता ने बताया कि सोमवार की सुबह सूचना मिली थी कि साडा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे एक महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में जला हुआ पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपनी निगरानी में लेकर स्पॉट पर ही मृतका के शव की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं होने पर शव को डेड हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है। शव की फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव से भी जांच कराई गई थी, लेकिन शरीर पर ऐसा कोई चिन्ह नजर नहीं आया, जो कि मृतका के पहचान में मददगार साबित हो सके। पहचान के लिए पुलिस के पास महिला के जले हुए कपड़े के टुकड़े व सोने की बीजासेन की पुतली के अलावा बिछिए हैं। हत्या से पहले महिला के साथ दुष्कर्म होने के भी कोई निशान शरीर पर नहीं मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि विवाहिता की हत्या के पीछे नाजायज संबंध प्रमुख वजह हो सकते हैं।
किसी महिला के गुमशुदा होने की सूचना नहीं आई
पुलिस दो दिन से इंतजार कर रही है कि शहर व देहात के थाने से किसी विवाहिता के गुमशुदा होने की सूचना आए, लेकिन अब तक नहीं आई है। पुलिस कई एंगलों से जांच कर रही है।
संदिग्ध कार की तलाश
विवाहिता के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस एक संदिग्ध कार की भी तलाश कर रही है। यह कार गुप्तेश्वर की तरफ से आई है और महिला का शव जहां मिला है उसी तरफ गई है। इस बात का पता पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से लगा है। पुलिस इस संदिग्ध कार की भी तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि मृतका के शव की पहचान होने के साथ ही अंधे कत्ल की गुत्थी भी सुलझ जाएगी।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal