ग्वालियर -7 महीने से मायके में रह रही तहसीलदार की बेटी को पति, सास व मामा ससुर कांग्रेस नेता ने घर में घुसकर मारपीट की है। बचाने आए पिता को भी पीटा है। घटना रविवार दोपहर करीब 1 बजे मुरार के चिक संतर इलाके की है। घायल महिला ने मुरार थाने पहुंचकर पति, कांग्रेस नेता(मामा ससुर) व सास पर 5 लाख रुपये दहेज मांगने और उसके बाद मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और मारपीट का मामला दर्ज किया है।
उपनगर मुरार के चिक संतर निवासी रामनिवास समाधिया तहसीलदार हैं। उनकी 30 वर्षीय बेटी सोनाली की शादी 9 दिसंबर 2016 को माधव कॉम्प्लेक्स माधवगंज निवासी आदित्य पचौरी के साथ हुई थी। शादी में करीब 21 लाख रुपये खर्च किए थे। साथ ही कार भी उपहार में दी थी। पर शादी के कुछ समय बाद से ही उसे 5 लाख रुपये की मांग के साथ परेशान किया जाने लगा। अभी 7 महीने पहले सोनाली को घर से निकाल दिया। तभी से वह अपने पिता के घर में रह रही थी। रविवार दोपहर 1 बजे कांग्रेस नेता किशन मुद्गल जो कि सोनाली का मामा ससुर है। पति आदित्य पचौरी, सास सरला, ननद शिल्पी बातचीत करने के बहाने आए। इन्होंने उससे मारपीट की। बचाने आए पिता रामनिवास पर भी हमला किया। इसके बाद जब भाई गणेश बचाने आया तो भाग गए। घटना की शिकायत पीड़िता ने मुरार थाने में की है। जिस पर किशन मुद्गल, आदित्य पचौरी, सरला, शिल्पी पर मारपीट व दहेज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मेरी प्रतिष्ठा खराब करने झूठा नाम लिखाया
इस मामले में जब कांग्रेस नेता किशन मुद्गल से बात की गई तो उनका कहना है कि उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को खराब करने झूठा नाम लिखाया गया है। मैं न तो अपने भानजे की ससुराल गया न ही कोई मारपीट की है। मेरे मोबाइल की लोकेशन निकलवा ली जाए। हां भानजा और उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। हर परिवार में विवाद व झगड़े होते हैं। इसमें मुझे टारगेट किया जा रहा है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal