ग्वालियर-
डबरा शहर के बीच से निकले ग्वालियर झांसी हाइवे पर बनाए गए अधूरे डिवाइडर हादसों का सबब बन सकते हैं। जब लोग अपनी कॉलोनियों से निकलते हैं तो सर्विस रोड पर चलने की जगह हाइवे पर खुलती है। जिससे हादसे का डर बना रहता है। पिछोर रोड तिराहे से लेकर बल्ला का डेरा तक करीब दो दर्जन कॉलोनियां हाइवे किनारे से लगी हुई हैं। जिनमें अधिकतर कॉलोनियों के रास्तों के सामने हाइवे के डिवाइडर अधूरे छोड़ दिए गए हैं। इन अधूरे डिवाइडरों को लेकर पहले भी स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई थी तब ठेकेदार ने कहा था कि अभी निर्माण कार्य चल रहा है इसलिए इन डिवाइडरों को अधूरा छोड़ रखा है। हाइवे का काम पूरा होने के बाद सभी को बंद करा दिया जाएगा। बंद होने के बाद लोग सर्विस रोड से आना-जाना करेंगे। लेकिन ऐसा अभी तक नहीं हुआ। हर कॉलोनी का रास्ता हाइवे पर खुला हुआ है। हाइवे के डिवाइडर भी बीच-बीच में बनाना छोड़ दिए हैं। ठेकेदारों की इस अनदेखी का डर सबसे ज्यादा रात के समय लोगों को झेलना पड़ता है। क्योंकि लोग कॉलोनियों से निकलकर अपने वाहनों से हाइवे पर निकलते हैं। इधर हाइवे पर भारी वाहनों की आवाजाही 24 घंटे बनी रहती है। इसलिए यह आधे अधूरे डिवाइडर हादसे का सबब बन सकते हैं।
शहर में ग्वालियर-झांसी हाइवे किनारे सर्विस रोड बनाई फिर भी डिवाइडरों के बीच छोड़े रास्ते
सर्विस रोड पर अस्थाई अतिक्रमण, नहीं रहती जगह
लोगों के आने-जाने के लिए हाइवे किनारे सर्विस रोड बनाया गया है। जहां से लोग आ जा सकते हैं। लेकिन फिलहाल यह सर्विस रोड अव्यवस्थित और अधूरी पड़ी है। इधर जहां बनी भी है वहां दुकानदारों का अस्थाई अतिक्रमण है। सर्विस रोड पर दुकानदार अपना सामान रखकर अस्थाई कब्जा किए हुए हैं। इस कारण लोगों को आने जाने के लिए जगह तक नहीं मिलती। जबकि प्रशासन इस सर्विस रोड से अस्थाई अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी तक दे चुका है इसके बाद भी सर्विस रोड पर अस्थाई कब्जे की चपेट में रहता है।
इन कॉलोनियों के सामने छोड़ दिए डिवाइडर
ग्वालियर झांसी हाइवे से सटी कॉलोनियों में कई कॉलोनी ऐसी हैं जिनके सामने डिवाइडर अधूरे छोड़ दिए गए हैं। जिनमें जवाहर कॉलोनी, मोदी कुंज, अंबेडकर कॉलोनी, हनुमान कॉलोनी आदि कॉलोनियां हैं जिनके रास्ते डायरेक्ट हाइवे पर खुलते हैं। जहां नजदीक में सर्विस रोड तक बना है लेकिन वहां अस्थाई अतिक्रमण की स्थिति बनी रहती है।
नेशनल हाइवे किनारे सर्विस रोड बनाई गई है। जहां से लोग आसानी से आवाजाही कर सकते हैं। इसके अलावा लोगों को भी सतर्कता बरतने की जरूरत रहती है।
– ज्ञानवर्धन मिश्रा, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, एनएचआई
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal