ग्वालियर –
डबरा मेंकोरोना के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे दुकानदारों और मध्यमवर्गीय लोगों के बिजली के अप्रैल और मई माह के बकाया बिलों को माफ किए जाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय पर पहुंचकर विद्युत विभाग के प्रबंधक को ज्ञापन दिया। कार्यालय में प्रबंधक के मौजूद नहीं रहने पर जेई को ज्ञापन सौंपा और मांग की बिजली के बिलों को माफ कर दिया जाए। इससे दुकानदारों और गरीब लोगों को राहत मिल सके।
आम आदमी पार्टी के जिला सचिव सुनील अगरैया ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर प्रशासन द्वारा 23 मार्च से किए गए लॉकडाउन के कारण अप्रैल और मई माह में दुकानें नहीं खुलने के कारण दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ है। वहीं काम धंधा नहीं मिलने के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे दुकानदारों और घरों में बिजली विभाग द्वारा आंकलित खपत के बिजली के बिल हर माह भेजे जा रहे हैं और उपभोक्ताओं पर बकाया बिजली का बिल जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। बिल जमा न करने की दशा में उनके कनेक्शन काटे जा रहे हैं। जिससे दुकानदारों और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत विभाग के प्रबंधक से ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि वह दुकानों और मकानों के अप्रैल और मई माह के बिजली के बिल को माफ कराने की कृपा करें। जिससे लोगों को राहत मिल सके। इसके साथ उन्होंने मांग की कि जिन लोगों के बिल जमा नहीं हो पाए हैं उनके कनेक्शन आगामी 6 माह तक नहीं काटे जाएं। बिजली की कटौती को बंद किया जाए। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के बिजली के बिल पर आंकलित खपत की जगह पर सही रीडिंग व बिना पेनल्टी के बिल भेजा जाए। ज्ञापन देने वालों में आम आदमी पार्टी के जिला सचिव सुनील अगरैया, विधानसभा प्रभारी सोनू पचौरी, विधानसभा सचिव पुष्पेन्द्र तिवारी, नगर अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, प्रमोद करोठिया, इसरार अली सहसचिव, पारस गुर्जर, रहीस खान, अंकित पाठक, परमाल कुशवाह तथा रवि रजक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal