ग्वालियर-
पिछोर में शुक्रवार की रात को अंचल में चली तेज आंधी के कारण पिछोर विद्युत वितरण केन्द्र के अंतर्गत आने वाली 11 केवी लाइन और एलटी लाइन के कारण लगभग 15 बिजली के खंभे उखड़ गए। इससे उक्त लाइन के संपर्क में आने वाले गांवों की बिजली सप्लाई बंद हो गई। बिजली गुल होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी में रातभर परेशान होना पड़ा। सुबह बिजली कंपनी द्वारा नए पोल लगवाना शुरू कर दिया है। इससे कई गांवों में बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई है और कई जगहों पर लाइन जोड़ने का काम चल रहा है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को चली तेज आंधी के कारण 11 केवी लाइन और एलटी लाइन के ग्राम बरगवां में 7, ग्राम पंचायत अजयगढ़ में 4, ग्राम पंचायत बडेरा में 3 तथा ग्राम गजापुर में एक तथा अन्य जगहों पर 17 बिजली के खंभे टूट गए। बिजली कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि आंधी के कारण लगभग 32 बिजली के खंबे टूट गए हैं। इससे विभाग को लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हो गया है। बिजली के खंबे के टूट जाने से कई गांवों की बिजली बाधित हो गई। इस कारण गांव के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
ग्राम कैथोदा में उड़ी लोहे की टीन
बताया जाता है कि आंधी के कारण ग्राम कैथोदा में रहने वाले लोगों को आर्थिक नुकसान भी हुआ है। गांव के ग्राम रोजगार सहायक विजय मिश्रा ने बताया कि आंधी चलने से गांव में रहने वाले ओमी बाथम, दयाराम और सुरेश बाथम के घर पर लगे टीनशेड उखड़ गए। वहीं घर गृहस्थी का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
इनका कहना है
आंधी तूफान से क्षेत्र में लगभग 32 बिजली के खंभे टूटे हैं। उन्हें दुरुस्त कराया जा रहा है। खंभे टूट जाने से विभाग को लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
-मोहम्मद मंसूर, उपयंत्री, बिजली कंपनी, पिछोर।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal