ग्वालियर -झांसी मंडल ने ,कोरोना का खतरा बढ़ने के साथ ही ट्रेन के कोचों को आइसोलेशन कोच में बदलना शुरू कर दिया था। करीब 70 कोच मंडल में तैयार किए जा चुके थे। पर तीन माह से इनकी कहीं से कोई डिमांड नहीं थी। अब कोरोना का खतरा विकराल हुआ तो डिमांड होने लगी है। मंडल से दिल्ली एवं उत्तरप्रदेश में आइसोलेशन कोच भेजे जा रहे हैं। इन कोचों को उन स्टेशनों पर रखा जाएगा, जहां पॉजिटिव मरीजों की संख्या अधिक है।
उत्तर मध्य रेलवे को करीब 5 हजार आइसोलेशन कोच तैयार करने का टारगेट दिया गया था। इसके लिए सभी जरूरी संसाधन पहले ही जुटा लिए गए थे। इनको केवल आइसोलेट कोच में स्थापित करना था। झांसी मंडल ने तो कुछ आइसोलेशन कोच तैयार भी कर लिए थे। इनमें से 15 कोच झांसी जबकि 5 कोच ग्वालियर में तैयार हुए थे। वहीं 50 आइसोलेशन कोच झांसी मंडल के अंतर्गत विभिन्ना कारखानों में बनाए गए थे। अप्रैल-मई-जून में हालांकि कहीं से कोई डिमांड नहीं आई, इसलिए कोच फालतू खड़े थे। अब उत्तर मध्य रेलवे के जीएम ने आइसोलेशन कोच तैयार करके भेजने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली में आनंद विहार स्टेशन पर कोच रखे जाना है।
क्यों पड़ी जरूरतः दिल्ली में कोरोना के मरीज तेजी से बढ़े हैं। इससे अस्पतालों में बेड का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में इन आइसोलेशन कोच का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसमें मरीजों को भर्ती करने के साथ ही ऑक्सीजन एवं अन्य जरूरी उपकरण भी होंगे।
आइसोलेशन कोच को लेकर हमारी तैयारी पूरी है। अभी केवल दिल्ली एवं उत्तरप्रदेश से ही डिमांड आई है। वहां पर कोच भेजे जा रहे हैं।
अखिल शुक्ला, डीसीएम झांसी मंडल
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal