डबरा शनिवार का दिन शहर को राहत देने वाला निकला। 12 दिन बाद शनिवार को शहर में एक भी कोरोना संक्रमित रिपोर्ट नहीं आई, जिससे प्रशासन के साथ ही लोगों ने चैन की सांस ली।
शनिवार को कांग्रेस नेता के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के कारण कम्युनिटी स्प्रेड होने की आशंका भी समाप्त हो गई है। साथ ही अब सोमवार से बाजार खोले जाने की उम्मीद भी जाग गई है।
दरअसल शहर के ठाकुर बाबा रोड पर रहने वाले बर्फ मिल संचालक गंगाराम रोहिरा की 11 मई को कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट आई थी। हालांकि इसके पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। वे शहर के पहले कोरोना पाॅजिटिव थे। इसके बाद जब इनके परिवार और संपर्क में रहने वाले लोगों के साथ ही इनसे दो दिन पहले मृतक गणेश मेडिकल संचालक राजेंद्र गुप्ता के परिवार और उनके संपर्क में रहने वालों की सैंपलिंग कराई तो लगातार कोरोना संक्रमित रिपोर्ट निकल कर आई। 11 मई से 23 मई तक 12 दिनों में ही प्रशासन द्वारा 600 से अधिक लोगों को सैंपलिंग कराकर उनकी रिपोर्ट जांच के लिए भेजी गई थी। जिनमें से 28 कोरोना संक्रमित सामने आए। एक अन्य सहित कुल मरीज 29 हैं। इनमें से रोहिरा परिवार के सदस्यों की संख्या 5 और उनके संपर्क में आने वाले लोगों की संख्या भी पांच है। वहीं गुप्ता परिवार के 12 सदस्य संक्रमित निकले, जबकि 6 लोग इस परिवार के संपर्क में आने वाले संक्रमित पाए गए। शुक्रवार को गुप्ता परिवार के संपर्क में आए कांग्रेस नेता बृजमोहन अग्रवाल के संक्रमित पाए जाने पर एवं रोहिरा परिवार के कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव रवि रजक के संपर्क में आने वाले 49 लोगों के सैंपल कराए गए। शनिवार को सभी सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई।
ग्वालियर में इलाज के दौरान वृद्धा का निधन
गुप्ता परिवार की 106 साल की वृद्धा देवाबाई का निधन शनिवार को ग्वालियर में इलाज के दौरान अस्पताल में हुआ। वे कोरोना से पीड़ित होकर परिवार के अन्य संक्रमित मरीजों के साथ इलाज करा रही थीं। उनका अंतिम संस्कार ग्वालियर में किया गया। डबरा में कोरोना से यह दूसरी मौत है। इससे पहले गंगाराम रोहिरा की मौत हो चुकी है।
शहर में बनाए गए हैं पांच कंटेनमेंट जोन
दोनों परिवारों और उनके संपर्क में आने वाले लोगों के कारण शहर में 12 दिनों में पांच बड़े कंटेनमेंट जोन, जिनमें ठाकुर बाबा रोड, सराफा बाजार, पुराना गाड़ी अड्डा रोड-रामगढ़ रोड, ऊषा कॉलोनी और जवाहर कॉलोनी को कंटेनमेंट जोन बनाकर इन क्षेत्रों में बेरीकेड्स, सीसीटीवी कैमरे और पुलिस का सख्त पहरा लगाकर लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई।
आज सुबह चार घंटे खुलेंगी 8 दुकानें
25 मई को ईद के लिए रविवार को शहर के बल्ला का डेरा पर सिद्घ बाबा किराना स्टोर, जंगीपुरा में कृष्णा ट्रेडर्स,रुक्मणी मार्केट के पास मां पीतांबरा किराना, जवाहर गंज में शिवहरे किराना,रामगढ़ चौराहा पर लखन किराना, यूको बैंक के पास विजय किराना,जवाहर गंज में प्रकाश किराना,रिलायंस पेट्रोल पंप के श्रीलाल किराना स्टोर सुबह 7 से 11 बजे तक खुलेंगे।
रेलवे – शहर में भी टिकट बुकिंग शुरू
डबरा. डबरा.शहर में भी अब रिजर्वेशन काउंटर से यात्री टिकट बुक करा सकेंगे। 22 मई से सुबह 10 बजे से पीआरएस ट्रेन रिजर्वेशन काउंटर खोले गए।
झांसी एवं ग्वालियर में दो-दो आरक्षण केंद्र खोले जाएंगे। इसके अलावा डबरा, दतिया, में एक- एक काउंटर खोला गया। पहले दिन यह सेवा सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इसके बाद 23 मई से अपने नियत समयानुसार पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम भी खुलेंगे। जहां से रेल की बुकिंग कराई जा सकती है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal