भोपाल /ग्वालियर
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि उन्होंने 40 साल तक राजनीति की है जिसका उन्हें पर्याप्त अनुभव है, लेकिन सौदेबाजी का कोई अनुभव नहीं हैं। 22 विधायक पार्टी छोड़कर चले जाएंगे, इसका उन्हें अंदाजा नहीं था। इसके जवाब में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त कमल नाथ सरकार को उखाड़ फेंकने में मदद करने वाले असली लीडर और हीरो हैैं।
शिवराज बोले, प्रदेश हित की खातिर सिंधिया ने साथियों सहित भ्रष्ट सरकार से किया किनारा।
शिवराज ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को हीरो बताते हुए कहा कि वह ऐसे नेता हैं जिन्होंने प्रदेश का हित सर्वोपरि रखा और भ्रष्ट सरकार से अपने साथियों के साथ किनारा कर लिया। अलग-अलग ट्वीट के जरिए शिवराज ने कांग्रेस और कमल नाथ पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने यहां तक कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में त्राहि-त्राहि मचा दी थी। सरकार बनाने और चलाने के लिए प्रजा हित को सर्वोपरि रखना पड़ता है, लेकिन जो प्रदेश के मुखिया प्रजा को छोड़ एक परिवार की पूजा में लिप्त रहते हैं, वह कभी जनता की सरकार बना नहीं सकते और अगर गलती से बना भी लें तो ज्यादा दिन चला नहीं सकते। ये जो पब्लिक है, वह सब जानती है…।”
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं अपने उन सभी साथियों का सम्मान करता हूं जिन्होंने कमल नाथ की स्वकेंद्रित बंटाढार सरकार को गिराने के लिए और प्रदेश की उन्नति के लिए अपना राजनीतिक कॅरियर दांव पर लगा दिया। सभी पदों को त्याग दिया और अति कठोर निर्णय लिए और उस पर अडिग बने रहे।”
इससे पूर्व कलम नाथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए पत्रकारों से चर्चा के दौरान अपने और दिग्विजय सिंह के संबंधों को लेकर कहा कि जैसे पहले संबंध थे, आज भी वैसे ही हैं।
उन्होंने 22 विधायकों के पार्टी छोड़कर जाने को लेकर कहा कि बेंगलुर जाने के पहले और बाद में दो-तीन विधायकों ने उनसे बातचीत की थी लेकिन उनसे उन्होंने यही कहा था तो उन्हें जो अच्छा लगे वे फैसला लें।
कमल नाथ ने कहा कि वे यह नहीं मानते कि जो पार्टी छोड़कर गए वे असंतुष्ट थे बल्कि प्रलोभन में गए, क्योंकि प्रत्येक विधायक की सूची है कि किसने क्या-क्या काम कराए। उन्होंने शिवराज सरकार को टेलीविजन और अपनी सरकार को विजन की सरकार बताया।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal